![]()
धौलपुर के सैंपऊ स्थित ऐतिहासिक महादेव मंदिर में सावन के तीसरे सोमवार को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। सुबह 4 बजे मंगला आरती के समय ही बड़ी संख्या में भक्त मंदिर परिसर में पहुंच गए। ‘बम भोले’ के जयघोष से पूरा शिवालय गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के शिवलिंग पर गंगाजल, बेलपत्र, धतूरा, शहद, पुष्प और शर्करा सहित विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की। सोरोजी और हरिद्वार से कांवड़ लेकर आए भक्तों ने भी भगवान शिव को गंगाजल की सहस्त्रधारा चढ़ाई। मंदिर महंत लोकेंद्र शर्मा ने बताया कि मंगला आरती के दर्शन के लिए राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और हरियाणा सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। गर्भगृह में अत्यधिक भीड़ से भगदड़ जैसी स्थिति से बचने के लिए मंदिर के बाहर से गंगाजल चढ़ाने की वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। पाइपलाइन के माध्यम से श्रद्धालु सीधे शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित कर रहे हैं। महंत के अनुसार इस वर्ष बड़ी संख्या में कांवड़िए भी मंदिर आ रहे हैं। भक्तों की सेवा के लिए जगह-जगह भंडारे आयोजित किए गए हैं। पूरे क्षेत्र में भगवान भोलेनाथ की भक्ति का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के मद्देनजर यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस भीड़ तथा यातायात व्यवस्था पर लगातार निगरानी रख रहे हैं। अनुमान है कि देर रात तक लगभग 5 लाख श्रद्धालु महादेव मंदिर में दर्शन के लिए पहुंच सकते हैं।
Source link
सावन के तीसरे सोमवार को महादेव मंदिर में उमड़ा जनसैलाब:बम भोले के जयघोष से गूंजा शिवालय, 5 लाख श्रद्धालु पहुंचने का अनुमान
