![]()
विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी के मामले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। तरनतारन सिटी पुलिस ने ऑस्ट्रेलिया का वीजा दिलाने का झांसा देकर 17 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में एक ही परिवार के चार सदस्यों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोपियों की पहचान तरनतारन के मोहल्ला जसवंत सिंह निवासी रुपिंदर कौर उर्फ रिंपी, उसके पति सुरजीत सिंह, बेटे जयदीप सिंह और बेटी चंचलप्रीत कौर के रूप में हुई है। पीड़ित महिला प्रीत कौर द्वारा पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, आरोपी रुपिंदर कौर और उसके पति सुरजीत सिंह ने उसे अपने झांसे में लिया था। आरोपियों ने दावा किया कि उनकी बेटी चंचलप्रीत कौर ऑस्ट्रेलिया में रहती है और ऑस्ट्रेलियाई दूतावास में उनके बड़े और मजबूत संपर्क हैं। उन्होंने पीड़ित परिवार को भरोसे में लेते हुए उनके किसी सदस्य को ऑस्ट्रेलिया का वीजा लगवाने की गारंटी दी थी। 17 लाख में तय हुई डील, 1.30 लाख लौटाकर बाकी हड़पे वीजा लगवाने के बदले सौदा 17 लाख रुपये में तय हुआ था, जिसके बाद प्रीत कौर ने तय राशि आरोपियों को दे दी। हालांकि, लंबा समय बीत जाने के बावजूद जब पीड़िता या उसके परिवार को ऑस्ट्रेलिया नहीं भेजा गया, तो उसने अपने पैसे वापस मांगने शुरू किए। दबाव बनने पर रुपिंदर कौर, सुरजीत सिंह और जयदीप सिंह ने चेक के जरिए केवल 1 लाख 30 हजार रुपये ही वापस किए, जबकि बाकी की भारी रकम हड़प ली। ऑस्ट्रेलिया में बैठा आरोपी दे रहा धमकियां, पुलिस जांच जारी शिकायतकर्ता ने पुलिस को यह भी बताया कि आरोपी सुरजीत सिंह फिलहाल खुद ऑस्ट्रेलिया में मौजूद है और वहां से फोन पर उन्हें लगातार धमकियां दे रहा है। तरनतारन सिटी पुलिस ने पीड़िता के बयानों और शुरुआती जांच के आधार पर चारों आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी व अन्य संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अगली कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
Source link
ऑस्ट्रेलिया भेजने के नाम पर 17 लाख ठगे:तरनतारन के परिवार के 4 लोगों पर केस, 1.30 लाख लौटाए, दूतावास में सेटिंग का दिया झांसा
