Headlines

गोंडा में नाबालिग की लाठी-डंडों से पिटाई, VIDEO:आपसी कहासुनी के बाद तीन आरोपियों पर मुकदमा दर्ज




गोंडा जिले के परसपुर थाना क्षेत्र में एक नाबालिग युवक की लाठी-डंडों से पिटाई का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित रोज अली 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस कार्यक्रम में शामिल होकर साइकिल से अपने घर लौट रहा था, तभी उसे रास्ते में रोक लिया गया। परसपुर थाने में दी गई तहरीर के अनुसार, रोज अली ने बताया कि 14 अगस्त को अखिलेश, विकास गौतम और रोहित पासवान से उसकी कहासुनी और गाली-गलौज हुई थी। यह घटना 15 अगस्त को दोपहर करीब 3 बजे की बताई जा रही है। इसी विवाद के चलते तीनों आरोपियों ने उसे रोककर लाठी-डंडों से पीटा। रोज अली के मुताबिक, आरोपियों ने उसे साइकिल पर बैठे-बैठे ही पीटना शुरू कर दिया। मारपीट के दौरान युवक लगातार माफी मांगता रहा। आरोपियों ने खुद इस मारपीट का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाला है। पीड़ित ने यह भी बताया कि आरोपियों ने शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी थी। बाद में रोज अली ने परसपुर थाने में तहरीर दी। पुलिस ने अखिलेश, विकास गौतम और रोहित पासवान के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। परसपुर थानाध्यक्ष कमल शंकर चतुर्वेदी ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच उपनिरीक्षक अमन कनौजिया को सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त के विवाद को लेकर 15 अगस्त को मारपीट की गई। रोज अली का सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसपुर में मेडिकल परीक्षण भी कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की जांच की जा रही है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *