![]()
शहडोल पुलिस ने चिकन दुकान संचालक रज्जन उर्फ भूपेंद्र कहार हत्याकांड के मुख्य आरोपी लल्ला उर्फ राजकुमार शर्मा को सोमवार को छतरपुर के बागेश्वर धाम से गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिस से बचने के लिए धार्मिक स्थल के आसपास छिपा था। पुलिसकर्मियों ने तीन दिन तक भक्त बनकर उसकी निगरानी की। अन्नपूर्णा मेस में खाना खाते समय उसे दबोच लिया। घटना 13 जुलाई को अमलाई थाना क्षेत्र के ग्राम रामपुर में हुई थी, जहां रज्जन उर्फ भूपेंद्र कहार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद मुख्य आरोपी लल्ला उर्फ राजकुमार शर्मा फरार हो गया था। एसपी डॉ. संजय कुमार अग्रवाल के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था। ठिकाना बदलने की सूचना, दबिश के बाद पकड़ा जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था और धार्मिक स्थलों के आसपास छिपकर रह रहा था। कई संभावित ठिकानों पर दबिश देने के बाद पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी छतरपुर जिले में बागेश्वर धाम के पास लॉज में रुका है। अन्नपूर्णा मैस में खाना खाने जाता है। इसके बाद टीम बागेश्वर धाम पहुंची। पुलिसकर्मियों ने तीन दिनों तक भक्तों के वेश में आरोपी की गतिविधियों पर नजर रखी। वे मैस और आसपास के क्षेत्रों में सामान्य श्रद्धालुओं की तरह मौजूद रहे। सोमवार को जैसे ही आरोपी अन्नपूर्णा मैस में खाना खाने पहुंचा, टीम ने उसे घेरकर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी को अमलाई लाकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस पहले ही पवन मिश्रा और सीतोष सोनी नामक दो सहयोगियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर चुकी है।
Source link
भूपेंद्र कहार हत्याकांड का आरोपी बागेश्वर धाम से गिरफ्तार:भक्त बनकर मैस में खाना खा रहा था, शहडोल पुलिस ने दबोचा
