![]()
फरीदाबाद जिले के पल्ला थाना क्षेत्र में वन विभाग की वाइल्डलाइफ टीम ने वन्यजीवों को पकड़कर रखने और उनके जरिए कथित तौर पर अवैध कारोबार करने के मामले में एक सपेरे को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान बंसी नाथ के रूप में हुई है। टीम ने उसके कब्जे से 7 इंडियन कोबरा और एक रैट स्नेक समेत कुल 8 सांप बरामद किए हैं। कार्रवाई के बाद आरोपी को पुलिस के हवाले किया गया और सोमवार को फरीदाबाद जिला कोर्ट में पेश किया गया। कोर्ट ने आरोपी को 19 अगस्त तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया। जिला कोर्ट के एडवोकेट संजय गुप्ता ने बताया कि वाइल्डलाइफ टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि पल्ला क्षेत्र में रहने वाला बंसी नाथ अवैध तरीके से अलग-अलग प्रजातियों के सांप पकड़कर अपने पास रखता है। सूचना यह भी थी कि इन सांपों के जरिए वह कथित तौर पर अवैध व्यापार करता है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वाइल्डलाइफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार अपनी टीम के साथ आरोपी के घर पहुंचे और वहां जांच की। जांच के दौरान टीम को घर से एक रैट स्नेक और सात इंडियन कोबरा मिले। टीम ने सभी सांपों को सुरक्षित तरीके से अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आरोपी बंसी नाथ को गिरफ्तार कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई के लिए आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। वाइल्डलाइफ इंस्पेक्टर राकेश कुमार ने बताया कि आरोपी ने सांपों को अवैध रूप से पकड़कर रखा हुआ था। टीम को सूचना मिली थी कि वह इन सांपों को पकड़ने के बाद उनके जरिए व्यापार कर रहा है। सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए सांपों को बरामद किया गया और आरोपी को गिरफ्तार किया गया। एडवोकेट संजय गुप्ता ने कहा कि वन्यजीवों को पकड़कर उन्हें कमाई का जरिया बनाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। सांप और अन्य जंगली जीव पर्यावरण के लिए महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि वन्यजीवों को पकड़कर उनका अवैध व्यापार करने से पर्यावरण को नुकसान पहुंचता है और ऐसे लोगों पर कानून के तहत कड़ी कार्रवाई जरूरी है।
Source link
फरीदाबाद में अवैध रूप से सांप रखने वाला सपेरा काबू:7 कोबरा और एक रैट स्नेक बरामद, कोर्ट में पेश कर जेल भेजा
