होमागार्ड जवान को थप्पड़ मारता हुआ निहंग।
चंडीगढ़-मोहाली के मटौर बॉर्डर पर होमगार्ड जवान की निहंग ने पिटाई की। इसका वीडियो सामने आया है। इसमें निहंग होमगार्ड जवान की वर्दी पर लगी लैनयार्ड (डोरी) पकड़कर उसे खींचता और थप्पड़ मारता दिखाई दे रहा है। निहंग जवान पर शराब पीने और ग्रंथ साहिब की बेअद
.
होमगार्ड जवान की पहचान रविंदर के रूप में हुई है और वह चंडीगढ़ में तैनात है। वह मोहाली में रहने वाली अपनी बहन से मिलकर मोटरसाइकिल से चंडीगढ़ लौट रहा था। मटौर बॉर्डर पर कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने बैरिकेडिंग की हुई थी। वहीं पर निहंग ने जवान को घेरा।
जांच में होमगार्ड जवान के शराब के नशे में होने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस अब वीडियो के आधार पर मारपीट करने वाले निहंग की तलाश कर रही है। यह वीडियो निहंग ने खुद शूट करवाया और बाद में सोशल मीडिया पर शेयर किया। बताया जा रहा है कि निहंग कौमी इंसाफ मोर्चा का सदस्य है।

होमागर्ड जवान को पकड़ कर खड़ा निहंग।
सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला…
- मटौर बॉर्डर पर रोका गया: 15 अगस्त की सुबह मटौर बॉर्डर पर चंडीगढ़ पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर बैरिकेडिंग कर रखी थी। यहां कौमी इंसाफ मोर्चा के प्रदर्शनकारियों को चंडीगढ़ में प्रवेश करने से रोकने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात थे।
- बहन से मिलकर चंडीगढ़ लौट रहा था: इसी दौरान होमगार्ड जवान रविंदर सुबह करीब 7 बजे मोहाली में रहने वाली अपनी बहन से मिलकर चंडीगढ़ लौट रहा था। इस बीच मटौर बॉर्डर पर उसे रोक लिया गया। वहां मौजूद निहंग और उसके साथ खड़े लोगों ने उसे पकड़ लिया।
- लैनयार्ड से खींचा और थप्पड़ मारे: वीडियो में निहंग होमगार्ड जवान को लैनयार्ड से खींचता हुआ दिखाई दे रहा है। इसके बाद वह जवान को थप्पड़ मारता नजर आता है। निहंग जवान पर शराब पीने का आरोप लगाते हुए उससे सवाल-जवाब करता दिखाई दे रहा है।
- जवान ने निहंग के आगे जोड़े हाथ: वीडियो में होमगार्ड जवान खुद को बचाने की कोशिश करता नजर आ रहा है। वह हाथ जोड़कर निहंग से कहता रहा कि उसने शराब नहीं पी है। इसके बावजूद निहंग उसके साथ मारपीट करता रहा।
- बेअदबी का भी लगाया आरोप: वीडियो में निहंग होमगार्ड जवान पर ग्रंथ साहिब की बेअदबी करने का आरोप भी लगाता दिखाई दे रहा है। साथ ही उसके साथ गाली-गलौज भी की गई।
- जांच में शराब पीने की बात नहीं आई: पुलिस के अनुसार घटना के बाद होमगार्ड जवान की जांच करवाई गई। इसमें उसके शराब के नशे में होने की बात सामने नहीं आई। पुलिस का कहना है कि वह अपनी बहन से मिलकर आ रहा था।

डीएसपी धीरज कुमार मामले की जानकारी देते हुए।
निहंग की तलाश कर रही पुलिस डीएसपी धीरज कुमार ने बताया कि होमगार्ड जवान से मारपीट का मामला पुलिस के संज्ञान में है। मारपीट करने वाले निहंग की तलाश की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
————- ये खबर भी पढ़ें…
चंडीगढ़ में सिख कैदियों की रिहाई के लिए हंगामा, पुलिस ने ड्रोन से आंसू गैस के गोले फेंके; बेअंत सिंह की हत्या के दोषी को पैरोल की मांग

पंजाब की जेलों में सजा पूरी कर चुके सिख बंदियों की रिहाई की मांग कर रहे प्रदर्शनकारी शनिवार को पुलिस से भिड़ गए। कौमी इंसाफ मोर्चा की अगुवाई में मोहाली से चंडीगढ़ में गवर्नर हाउस जा रहे प्रदर्शनकारी YPS चौक के पास इकट्ठा हुए। उन्हें रोकने के लिए चंडीगढ़ पुलिस ने एहतियात के तौर पर बॉर्डर सील कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
