Headlines

अजनाला में कलसी परिवार ने शुरू किया चुनाव प्रचार:वारिस पंजाब दे उम्मीदवार के लिए गुरुद्वारे में लिया आशीर्वाद




वारिस पंजाब दे पार्टी द्वारा दिलजीत सिंह कलसी को अजनाला विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया गया था। इसके बाद, कलसी परिवार ने अपना चुनाव प्रचार औपचारिक रूप से शुरू कर दिया है। प्रचार अभियान की शुरुआत से पहले, परिवार ने पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ अजनाला स्थित गुरुद्वारा कालियां वाला खूह साहिब में मत्था टेका और गुरु साहिब का आशीर्वाद लिया। दिलजीत सिंह कलसी की धर्मपत्नी अपने परिवारिक सदस्यों, पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ गुरुद्वारा साहिब पहुंचीं। इस दौरान उन्होंने पंजाब की खुशहाली, प्रदेशवासियों की समृद्धि और अपने चुनाव अभियान की सफलता के लिए अरदास की। कलसी परिवार ने कहा कि गुरु घर से चुनाव प्रचार की शुरुआत करना उनके लिए गर्व और श्रद्धा का विषय है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि लोगों के सहयोग और आशीर्वाद से पार्टी की नीतियों और विचारधारा को घर-घर तक पहुंचाने के लिए पूरी मेहनत और ईमानदारी से काम किया जाएगा। परिवार ने यह भी बताया कि वारिस पंजाब दे पार्टी का मुख्य उद्देश्य पंजाब को नशामुक्त बनाना और युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालकर उनके लिए बेहतर भविष्य तैयार करना है। उन्होंने कहा कि पंजाब में नशे की समस्या को जड़ से खत्म करने के लिए पार्टी लोगों को साथ लेकर संघर्ष करेगी। कलसी परिवार ने स्पष्ट किया कि पंजाब के लोगों की समस्याएं, युवाओं का भविष्य, रोजगार के अवसर और नशामुक्ति जैसे मुद्दे उनकी चुनाव मुहिम के केंद्र में रहेंगे। उन्होंने क्षेत्र के लोगों से चुनाव अभियान में अधिक से अधिक सहयोग देने की अपील की। इस अवसर पर वारिस पंजाब दे पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद थे। कार्यकर्ताओं ने दिलजीत सिंह कलसी के पक्ष में चुनाव प्रचार को तेज करने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाने का संकल्प लिया।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *