Headlines

राष्ट्रपति मुर्मू को गुच्छी, लाल-चावल और बाथू की खीर परोसी:मनाली मॉल रोड से बच्चों के लिए खरीदीं तिब्बती शर्ट, आज दिल्ली लौटेंगी




हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार को दिल्ली लौटेंगी। राष्ट्रपति ने मनाली प्रवास के दौरान सिर्फ पर्यटन स्थलों का दौरा ही नहीं किया, बल्कि हिमाचल के पारंपरिक खानपान और स्थानीय संस्कृति को भी करीब से जाना। मनाली के सर्किट हाउस में ठहरने के दौरान उन्हें मनाली के पारंपरिक व्यंजन परोसे गए। यहां पर राष्ट्रपति को गुच्छी की सब्जी, लाल चावल, रागी का सूप, कद्दू और आंबले की सब्जी और लोकल राजमा की दाल परोसी गई। ब्रेकफॉस्ट में राष्ट्रपति को कुट्टू और काउनी के आटे के परांठे तथा बेसा का सूप बनाया गया। स्वीट डिश में बाथू की खीर, कच्चा पपीता, खुमानी का मीठा बनाया गया। राष्ट्रपति के लिए तैयार भोजन में खासतौर पर हिमाचल के उन पारंपरिक अनाज और स्थानीय उत्पादों को शामिल किया गया, जिनका इस्तेमाल धीरे-धीरे कम हो रहा है। मॉल रोड की सैर की, तिब्बत एम्पोरियम से की खरीदारी मनाली प्रवास के दौरान राष्ट्रपति बुधवार शाम मॉल रोड पर भी निकलीं। उन्होंने यहां कुछ समय सैर की और स्थानीय बाजार को देखा। इस दौरान तिब्बत एम्पोरियम पहुंचकर खरीदारी भी की। राष्ट्रपति ने यहां बच्चों के साइज की चार तिब्बती शर्ट खरीदीं। इसके अलावा पर्वतीय बेरी सी-बकथोर्न पल्प की चार बोतलें, जड़ी-बूटियों से निर्मित दर्द निवारक तेल की पांच छोटी शीशियां, मछली के आकार का एक फिश लॉक और अगरबत्ती रखने की एक डिब्बी भी खरीदी। राष्ट्रपति की इस खरीदारी में स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प के प्रति उनकी रुचि दिखाई दी। मॉल रोड पर राष्ट्रपति को देखने के लिए स्थानीय लोगों और पर्यटकों में भी उत्सुकता रही। 6 अक्टूबर को पहुंची थीं हिमाचल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 6 अक्टूबर को हिमाचल पहुंची थीं। दौरे की शुरुआत बिलासपुर से हुई, जहां उन्होंने एम्स बिलासपुर के दीक्षांत समारोह में डॉक्टरों को डिग्रियां प्रदान कीं। इसके बाद वह मनाली पहुंचीं। मनाली प्रवास के दौरान उन्होंने बुधवार को अटल टनल रोहतांग का दौरा किया। यहां बीआरओ अधिकारियों ने उन्हें टनल के निर्माण और इसकी तकनीकी विशेषताओं की जानकारी दी। राष्ट्रपति ने अटल टनल को भारतीय इंजीनियरिंग का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। इसके बाद उन्होंने हिडिंबा मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की। शाम को राष्ट्रपति ने मनाली मॉल रोड पर सैर की और स्थानीय बाजार में खरीदारी की। आज हेलिकॉप्टर से दिल्ली लौटेंगी तीन दिवसीय हिमाचल दौरे के बाद राष्ट्रपति का आज दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है। वह कुछ देर बाद हेलिकॉप्टर से मनाली से दिल्ली के लिए रवाना होंगी। उनके दौरे के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। राष्ट्रपति के हिमाचल प्रवास में आधिकारिक कार्यक्रमों के साथ स्थानीय संस्कृति, खानपान और बाजार से जुड़ी गतिविधियां भी खास आकर्षण रहीं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *