Headlines

चंडीगढ़ में बनेगा नया पुलिस थाना-80 बेड का अस्पताल:बढ़ती आबादी और सुरक्षा जरूरतों को देखते हुए प्रशासन ने जगह देखी, जल्द बनेगा प्लान




चंडीगढ़ के धनास में अब नया पुलिस थाना बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। बढ़ती आबादी और क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को मजबूत करने की जरूरत को देखते हुए चंडीगढ़ प्रशासन ने थाने के लिए जगह तलाशनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही धनास में 80 बेड का अस्पताल बनाने का भी प्रस्ताव है। होम-कम-हेल्थ सेक्रेटरी मंडीप सिंह बराड़ ने बुधवार शाम को धनास पहुंचकर दोनों परियोजनाओं के लिए प्रस्तावित साइट का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों के साथ पुलिस थाने और अस्पताल के लिए जरूरी जमीन को लेकर चर्चा की। दोनों परियोजनाओं की जरूरत के अनुसार जमीन चिह्नित की जाएगी। इसके बाद अर्बन प्लानिंग विभाग प्रस्तावित पुलिस थाना और अस्पताल के परिसरों का प्लान तैयार करेगा। प्रशासन की ओर से साइट का निरीक्षण किए जाने के बाद इन दोनों प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पुलिस थाने की जरूरत पर विशेष फोकस धनास में पिछले कुछ समय में आबादी बढ़ी है। इसके साथ ही इलाके में पुलिस व्यवस्था को और मजबूत करने की जरूरत महसूस की जा रही है। इसी को देखते हुए प्रशासन ने यहां नया पुलिस थाना बनाने के लिए जगह का निरीक्षण किया है। नया थाना बनने के बाद धनास और आसपास के इलाकों में पुलिस की मौजूदगी बढ़ेगी। इससे लोगों को पुलिस से जुड़ी शिकायत दर्ज कराने, मदद लेने और अन्य पुलिस सेवाओं के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। साथ ही इलाके में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी घटना पर पुलिस के जल्दी पहुंचने में भी मदद मिलेगी। चीफ इंजीनियर और चीफ आर्किटेक्ट भी साथ रहे निरीक्षण के दौरान चीफ इंजीनियर सीबी ओजा, चीफ आर्किटेक्ट राजीव मेहता और असिस्टेंट एस्टेट ऑफिसर पवितर सिंह समेत प्रशासन के कई अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने होम-कम-हेल्थ सेक्रेटरी को प्रस्तावित दोनों प्रोजेक्ट के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस थाने और 80 बेड के अस्पताल के लिए कितनी जमीन की जरूरत होगी और किस तरह से यहां निर्माण किया जा सकता है। मौके पर दोनों प्रोजेक्ट के लिए जमीन तय करने और आगे की योजना बनाने को लेकर भी चर्चा हुई। जमीन तय होने के बाद अर्बन प्लानिंग विभाग इन दोनों जगहों का नक्शा और पूरा प्लान तैयार करेगा। वेंडिंग जोन भी देखा, दुकानदारों से की बातचीत होम-कम-हेल्थ सेक्रेटरी मंडीप सिंह बराड़ ने धनास के अधिकृत वेंडिंग जोन का भी दौरा किया। उन्होंने मौके पर वेंडिंग जोन की व्यवस्था देखी और वहां सामान बेच रहे वेंडर्स से बातचीत की। वेंडर्स से उन्होंने पूछा कि उन्हें रोजाना काम करने के दौरान किसी तरह की परेशानी तो नहीं आ रही है। उन्होंने वेंडर्स की समस्याओं और वहां की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी ली। अधिकारियों से वेंडिंग जोन की मौजूदा व्यवस्था और उसे बेहतर बनाने को लेकर भी चर्चा की।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *