![]()
जालंधर में चोरी की वारदातें लगातार बढ़ रही हैं। इसी क्रम में थाना 7 के अंतर्गत गढ़ा रोड स्थित बीकानेर स्वीट्स एंड बेकर की दुकान में देर रात चोरी हो गई। चोर दुकान का शटर उखाड़कर तिजोरी से नकदी और डिजिटल वीडियो रिकॉर्डर (DVR) ले गए। घटना का पता सुबह दुकान खोलने पर चला। दुकानदार गणेश ने बताया कि सुबह जब उनके भाई दुकान खोलने पहुंचे तो उन्होंने शटर उखड़ा हुआ पाया। दुकान के अंदर सामान बिखरा हुआ था और तिजोरी खाली थी। चोरों ने बड़ी सफाई से वारदात को अंजाम दिया।
चोरी की जानकारी पुलिस को दी गई
पीड़ित दुकानदार गणेश के अनुसार, चोर तिजोरी से 92 हजार रुपये नकद और DVR लेकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि देर रात करीब 11 बजे दोनों भाई दुकान बंद करके गए थे। सुबह भाई ने दुकान पर शटर टूटा हुआ देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
घटना की जानकारी के बाद पुलिस मौके पर पहुंची सूचना मिलते ही थाना 7 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई बलविंदर पाल ने बताया कि पुलिस ने दुकानदार से दुकान न खोलने की अपील की ताकि फिंगरप्रिंट और अन्य सबूत जुटाए जा सकें। फॉरेंसिक टीम ने मौके से फिंगरप्रिंट लिए हैं। एएसआई बलविंदर पाल ने यह भी बताया कि दुकानदार गणेश की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। शिकायत में 90 हजार रुपये नकद और DVR चोरी होने का जिक्र है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और जल्द ही चोरों को पकड़ने का आश्वासन दिया है।
Source link
जालंधर में बीकानेर स्वीट्स में चोरी:शटर उखाड़कर 92 हजार नकद और DVR ले गए चोर, पुलिस जांच शुरु
