![]()
आगर-मालवा जिले के सुसनेर शहर में बुधवार को शिवशक्ति कावड़ एवं कलश यात्रा समिति द्वारा भव्य कावड़-कलश यात्रा निकाली गई। यह यात्रा सिंचाई विभाग स्थित श्री मनकामनेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई और प्राचीन पांडवकालीन पंचदेवलिया महादेव मंदिर तक करीब 10 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंची। यहां श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। यात्रा में पूर्व विधायक राणा विक्रम सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष ओम मालवीय, दिलीप सकलेचा और मंडल अध्यक्ष डॉ. सौरभ जैन सहित कई जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक शामिल हुए। बच्चों ने भी कावड़ यात्रा में उत्साहपूर्वक सहभागिता की। बड़ी संख्या में महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा में हिस्सा लिया। आकर्षक झांकियां यात्रा का विशेष आकर्षण रहीं। मार्ग में नगरवासियों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर और स्वागत कर श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। भगवान भोलेनाथ के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। कावड़-कलश यात्रा के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। यात्रा मार्ग पर पुलिस बल तैनात रहा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जवान मुस्तैदी से जुटे रहे।
Source link
सुसनेर में निकली कावड़-कलश यात्रा:जयकारे लगाते चले कावड़िए, महादेव मंदिर में किया जलाभिषेक
