Headlines

बाबा फरीद यूनिवर्सिटी में 180 कर्मचारियों की नियुक्ति-पदोन्नति पर रोक:बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट के फैसले के बाद जारी हुआ आदेश, रिव्यू कमेटी करेगी मामलों की जांच




बाबा फरीद यूनिवर्सिटी ऑफ हेल्थ साइंसेज और इससे जुड़े संस्थानों में करीब 180 अधिकारियों और कर्मचारियों की नियुक्तियों व पदोन्नतियों को अगले आदेश तक स्थगित कर दिया गया है। यूनिवर्सिटी के बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में यह फैसला वाइस चांसलर डॉ. राजीव सूद का तीन साल का कार्यकाल पूरा होने के बाद लिया गया। यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार की ओर से 18 अगस्त 2026 को जारी पत्र में संबंधित संस्थानों के प्रमुखों को इस निर्णय की जानकारी दी गई है। इनमें गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ नर्सिंग, यूनिवर्सिटी कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी, यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ एलाइड हेल्थकेयर साइंसेज और यूनिवर्सिटी इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मास्यूटिकल साइंसेज एंड रिसर्च सहित अन्य संस्थान शामिल हैं। पत्र के अनुसार, बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट ने संबंधित नियुक्तियों और पदोन्नतियों को 12 अगस्त 2026 से अगले आदेश तक निलंबित अथवा स्थगित रखने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही प्रभावित अधिकारियों और कर्मचारियों को व्यक्तिगत नोटिस जारी किए गए हैं। उन्हें रिव्यू कमेटी के समक्ष अपना पक्ष रखने का अवसर दिया जाएगा। यूनिवर्सिटी सूत्रों के अनुसार, हाल ही में डॉ. राजीव सूद का तीन साल का कार्यकाल पूरा हुआ है। उनके कार्यकाल के दौरान उनकी टीम के अधिकारियों की ओर से की गई कुछ नियुक्तियां और पदोन्नतियां विवादों में आ गई थीं। हालांकि, नियुक्ति और पदोन्नति के समय संबंधित कर्मचारियों को लिखित रूप से बताया गया था कि अंतिम फैसला बोर्ड ऑफ मैनेजमेंट की बैठक में होगा। अब बोर्ड के फैसले के बाद संबंधित संस्थानों को आदेश की पालना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। रिव्यू कमेटी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद इन नियुक्तियों और पदोन्नतियों को लेकर आगे निर्णय लिया जाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *