![]()
बाराबंकी-अयोध्या सीमा पर कल्याणी नदी पुल के पास बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ बाइक पर सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर अयोध्या की ओर से बाराबंकी की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार तीनों युवक सड़क पर जा गिरे। रात का समय होने के कारण हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की आवाजाही जारी थी। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े युवकों के ऊपर से वाहन गुजरने का खतरा बना हुआ था। इसी दौरान एक वाहन चालक ने हादसे की सूचना हिंदू युवा वाहिनी के निवर्तमान बाराबंकी जिलाध्यक्ष नरेंद्र कुमार सिंह ‘सोनू’ को दी। जानकारी मिलते ही वह तत्काल मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से उन्होंने सड़क पर पड़े घायलों को सुरक्षित किनारे हटवाया, जिससे दूसरे वाहनों की चपेट में आने से उन्हें बचाया जा सका। 108 एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाए गए घायल हादसे की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी गई। कुछ ही देर में रामसनेहीघाट पुलिस टीम और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के ईएमटी और चालक ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तीनों युवकों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रामसनेहीघाट पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद एक युवक को मृत घोषित कर दिया। वहीं अयोध्या जनपद निवासी विराट यादव और देवेंद्र मौर्य घायल मिले, जिनका उपचार शुरू किया गया। प्रभारी केंद्र अधीक्षक डॉ. अनूप सैनी ने बताया कि दोनों घायल युवकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है। उनकी हालत में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर उन्हें बेहतर उपचार और आवश्यक जांच के लिए जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है। हादसे के बाद मौके पर समय से पहुंचकर घायलों को हाईवे से हटाने और अस्पताल पहुंचाने में मदद करने वाले नरेंद्र कुमार सिंह सोनू तथा 108 एंबुलेंस कर्मियों की स्थानीय लोगों ने सराहना की। लोगों का कहना है कि यदि घायलों को समय रहते सड़क से नहीं हटाया जाता तो तेज रफ्तार वाहनों की चपेट में आने से स्थिति और गंभीर हो सकती थी। अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी पुलिस कोतवाली रामसनेहीघाट के प्रभारी निरीक्षक दयाशंकर द्विवेदी ने बताया कि तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाराबंकी की ओर जा रहे थे। कल्याणी नदी पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से हादसा हुआ। दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो घायल हुए हैं। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है। साथ ही अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों और प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के आधार पर हादसे की जांच कर रही है।
Source link
अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक मौत, दो घायल:बाराबंकी-अयोध्या सीमा पर हुआ हादसा, एक ही बाइक पर सवार थे तीनों
