![]()
पटना के दीघा इलाके में रेलवे के बड़े कार्यालय के सामने वाली गली में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। मृतक की पहचान समस्तीपुर निवासी गोलू कुमार उर्फ सोनू के रूप में हुई है। वह पिछले करीब डेढ़ महीने से अपने ससुराल में रह रहा था। घटना के बाद परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी आरोपों की पुष्टि नहीं की है। घटनास्थल की 3 तस्वीरें… रात में भाई को फोन कर कहा- मेरे साथ मारपीट हो रही है मृतक के बड़े भाई सचिन कुमार के मुताबिक, रात करीब 12:30 बजे सोनू ने अपने भाई सचिन के मोबाइल से उन्हें फोन किया था। उसने बताया कि ससुराल पक्ष के लोग उसके साथ मारपीट कर रहे हैं। सोनू ने यह भी बताया था कि सबूत मिटाने के लिए उसका मोबाइल पास के कुएं में फेंक दिया गया है। उसने सचिन से मौके पर आने और उसे बचाने की गुहार लगाई। रात अधिक होने के कारण सचिन ने सुबह पहुंचने की बात कही। सुबह ससुर ने फोन कर बताया- फांसी लगा ली सचिन के मुताबिक, सुबह करीब 5 बजे सोनू के ससुर ने फोन कर बताया कि उसने फांसी लगा ली है। सूचना मिलने के करीब 10-15 मिनट बाद सचिन स्कूटी से मौके पर पहुंचा। उसका कहना है कि सोनू का मोबाइल और जिस नंबर से रात में फोन आया थास दोनों फोन अब तक नहीं मिला है। वहीं, सोनू के ससुर और बड़ा साला भी सुबह से नजर नहीं आए हैं। बड़े भाई ने पत्नी पर भी लगाए आरोप सचिन ने आरोप लगाया कि सोनू की पत्नी अक्सर उससे कहती थी, “जा मर जा।” हालांकि, इन आरोपों की पुलिस ने अभी पुष्टि नहीं की है और यह जांच का विषय है। सोनू पिछले करीब डेढ़ महीने से अपने ससुराल में रह रहा था। वह फर्नीचर का काम करता था, लेकिन काम ठीक नहीं चलने के कारण उसके ससुर ने अपने साथ ई-रिक्शा चलाने के लिए उसे ससुराल बुलाया था। FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य घटना की सूचना मिलने के बाद दीघा थानेदार अवनीश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के लिए FSL टीम को भी बुलाया। FSL टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और FSL जांच के आधार पर युवक की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है। साथ ही मृतक के परिजनों के आरोपों और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
Source link
पटना में ससुराल में युवक की संदिग्ध मौत:ससुर और पत्नी पर लगाया हत्या आरोप, रात में फोन कर बोला था-मारपीट कर रहे हैं, बचा लो
