Headlines

जामताड़ा में बेवा फाटक के पास दो बाइक की टक्कर:एक युवक की मौत, सिर में लगी गंभीर चोट; दो लोग गंभीर रूप से घायल




जामताड़ा-मिहिजाम मुख्य मार्ग पर बेवा फाटक के पास गुरुवार को दो बाइक की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया। मिहिजाम थाना क्षेत्र के गौराईनाला गांव निवासी उत्पल मंडल जामताड़ा से अपने घर लौट रहे थे। बेवा फाटक के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही एक अन्य बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में उत्पल के सिर और शरीर के अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। सदर अस्पताल में डॉ. अताउल ने उनका उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। दूसरी बाइक पर बिंदापाथर थाना क्षेत्र के भुगीकाटा निवासी सुधीर सिंह और करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बनकटी निवासी कपिल राय सवार थे। वे भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों के सिर में चोटें आई हैं। चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर करने की सलाह दी, लेकिन परिजनों ने सदर अस्पताल में ही उनका इलाज जारी रखने का फैसला किया। मृतक उत्पल मंडल के परिजनों के अनुसार, वह रात में नाइट गार्ड की नौकरी करते थे और दिन में फेरी लगाकर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मृत्यु से परिवार पर गहरा प्रभाव पड़ा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *