![]()
बेमेतरा जिले के ग्रामीण अंचल के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कंडरका, विकासखंड बेरला की विज्ञान संकाय की छात्रा कोमिका यादव ने अपनी प्रतिभा से राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। कोमिका ने ‘कैंसर डिटेक्टर ब्रा’ प्रोजेक्ट तैयार किया है। इस प्रोजेक्ट का चयन इंस्पायर अवार्ड मानक की राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता (NLEPC) के लिए हुआ है। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से हर साल इंस्पायर अवार्ड मानक प्रतियोगिता आयोजित की जाती है। इसी प्रक्रिया में कोमिका के प्रोजेक्ट का जिला और राज्य स्तर से होते हुए राष्ट्रीय स्तर पर चयन हुआ है। 12 से 14 अक्टूबर तक भारत मंडपम में प्रतियोगिता राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता का आयोजन 12 से 14 अक्टूबर तक नई दिल्ली के भारत मंडपम में किया जाएगा। बेमेतरा जिले से इस प्रतियोगिता के लिए चयनित होने वाला यह एकमात्र सरकारी विद्यालय बताया गया है। उपलब्धि से स्कूल, गांव और जिले में खुशी का माहौल है। स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान को लेकर जागरूकता कोमिका यादव ने बताया कि प्रोजेक्ट का उद्देश्य महिलाओं में बढ़ रही स्तन कैंसर की समस्या को लेकर जागरूकता बढ़ाना और संभावित असामान्यताओं की शुरुआती पहचान में तकनीकी माध्यम से सहायता करना है। ग्रामीण क्षेत्र से आने वाली कोमिका ने महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी इस गंभीर समस्या को ध्यान में रखते हुए अपनी शिक्षिका के मार्गदर्शन में यह मॉडल तैयार किया है। शिक्षिका के मार्गदर्शन में तैयार हुआ प्रोजेक्ट मार्गदर्शक व्याख्याता पुष्पा नायक ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड मानक के तहत ऐसे नए और उपयोगी विचारों को प्रोत्साहित किया जाता है, जिनमें नवाचार की संभावना हो। इसी प्रक्रिया के तहत ‘कैंसर डिटेक्टर ब्रा’ का आइडिया तैयार किया गया और चयन की विभिन्न प्रक्रियाओं से गुजरने के बाद यह राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचा है। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट तैयार करने के दौरान छात्रा को लगातार मार्गदर्शन दिया गया। इस उपलब्धि में विद्यालय की प्राचार्य चेतना सिंह, शाला प्रबंधन समिति और सभी शिक्षकों का भी सहयोग रहा। ‘राष्ट्रीय स्तर पर चयन बड़ी उपलब्धि’ कोमिका यादव ने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित होना उनके लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने बताया कि प्रोजेक्ट तैयार करने में शिक्षिका का लगातार मार्गदर्शन मिला। अब वह अपनी शिक्षिका के साथ भारत मंडपम, नई दिल्ली में राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल होंगी। सरपंच ने दी बधाई ग्राम पंचायत कंडरका के सरपंच राहुल यदु ने छात्रा की उपलब्धि पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि कोमिका ने गांव, ग्राम पंचायत और बेमेतरा जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने छात्रा और शिक्षिका को बधाई देते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
Source link
सरकारी स्कूल की छात्रा ने बनाया कैंसर डिटेक्टर ब्रा:प्रोजेक्ट राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित, 12-14 अक्टूबर तक भारत मंडपम में होगा प्रदर्शित
