Headlines

हमीरपुर में युवक का दो दिन पु​राना शव बरामद:ढांक से नीचे गिरने से मौत होने की आशंका, परिजनों ने की शव की शिनाख्त




हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले के तहत आते सुजानपुर क्षेत्र के सुचुही गांव में एक 37 वर्षीय युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने के बाद सुजानपुर थाना पुलिस तुरंत हरकत में आई और घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले लिया। मृतक की पहचान अमित कुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मंडी जिले के संधोल क्षेत्र का रहने वाला था। सुजानपुर के एसएचओ (SHO) प्रकाश ठाकुर ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को सुचुही गांव में एक व्यक्ति का शव पड़े होने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जांच और शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि युवक की मौत पहाड़ी (ढांक) से नीचे गिरने के कारण हुई है। शव को देखकर अनुमान लगाया जा रहा है कि यह करीब दो दिन पुराना है। मजदूरी करता था युवक, चाचा ने की पहचान पुलिस के अनुसार, मृतक अमित कुमार सुजानपुर और आसपास के इलाकों में मजदूरी का काम करता था। उसके परिवार में उसकी बुजुर्ग मां हैं, जिनका वह सहारा था। घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंचे और अमित के चाचा ने शव की शिनाख्त की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद साफ होगी स्थिति सुजानपुर पुलिस ने शव को पंचनामा तैयार करने के बाद अपने कब्जे में ले लिया है और आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएचओ प्रकाश ठाकुर ने बताया कि पुलिस मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। युवक की मौत ढांक से गिरने के कारण ही हुई है या इसके पीछे कोई और वजह है, इसका वास्तविक खुलासा विस्तृत जांच और पोस्टमार्टम की अंतिम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *