![]()
मथुरा के विश्व प्रसिद्ध ठाकुर द्वारकाधीश मंदिर में गुरुवार शाम 7 बजे से राजाधिराज भगवान द्वारकाधीश ने लाल घटा में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन दिए। श्रावण मास के चलते मंदिर में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, जिसके तहत यह कार्यक्रम हुआ। इस मनोहारी आयोजन को देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचे। मंदिर के मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी (एडवोकेट) ने बताया कि मंदिर में होने वाले सभी कार्यक्रमों का निर्धारण गोस्वामी श्री श्री 108 डॉ. वागीश कुमार जी महाराज (कांकरोली नरेश, तृतीय पीठ) द्वारा किया जाता है। पुष्टिमार्गीय परंपरा के अनुसार, श्रावण मास में ठाकुर जी को लाड़-लड़ाने के भाव से विभिन्न प्रकार की घटाओं और हिंडोलों में विराजमान कराया जाता है। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी इसी परंपरा के तहत ठाकुर जी महाराज को लाल घटा में विराजमान किया गया। इस अवसर पर मंदिर के पूरे प्रांगण को लाल रंग के कपड़ों, आकर्षक विद्युत रोशनी और विभिन्न प्रकार के फूलों से भव्य रूप से सजाया गया था। लाल घटा में विराजमान ठाकुर जी के मनोहारी स्वरूप के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और मंदिर परिसर भगवान द्वारकाधीश के जयकारों से गूंज उठा। मंदिर में सजाई गई विभिन्न आकर्षक झांकियां भी श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। ठाकुर जी के मनोहारी स्वरूप के दर्शन कर श्रद्धालुओं ने भक्ति और उल्लास के वातावरण में स्वयं को धन्य महसूस किया। मीडिया प्रभारी राकेश तिवारी ने यह भी बताया कि पुष्टिमार्गीय परंपरा में घटा का विशेष महत्व है। घटा के माध्यम से ठाकुर जी को बाहर के मौसम की अनुभूति करवाने का भाव माना जाता है। उन्होंने कहा कि श्रावण मास के दौरान यह क्रम लगातार जारी रहेगा और प्रतिदिन ठाकुर जी अलग-अलग स्वरूपों एवं सजावट में भक्तों को दर्शन देंगे। तिवारी ने आगामी कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि शुक्रवार को सायंकाल 5:10 बजे से 5:40 बजे तक ठाकुर जी महाराज कमल के हिंडोले में विराजमान होकर भक्तों को दर्शन देंगे। इस अवसर पर भी मंदिर में विशेष सजावट और धार्मिक आयोजन किए जाएंगे।
Source link
राजाधिराज द्वारकाधीश लाल घटा में विराजमान:मथुरा के मंदिर में भक्तों ने किए मनोहारी दर्शन
