Headlines

बाइक सवारों पर लाठी-डंडे से हमला, एक की मौत:बिलासपुर में आवारा मवेशियों जंगल छोड़ने को लेकर विवाद, खूनी संघर्ष में तीन की हालत गंभीर




छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में आवारा मवेशियों को जंगल में छोड़ने को लेकर चल रही पुरानी रंजिश गुरुवार रात खूनी संघर्ष में बदल गई। अज्ञात हमलावरों ने बाइक सवार चार ग्रामीणों को घेरकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। चारों मवेशियों को दलहा पहाड़ के जंगल में छोड़कर वापस लौट रहे थे। हमले में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना मस्तूरी थाना क्षेत्र की है। जानकारी के मुताबिक लिमतरा निवासी जीवन मेहर अपने साथी हीरालाल यादव (50), राकेश बरगाह (28) और मुकेश पटेल (38) के साथ गुरुवार शाम करीब 5 बजे आवारा मवेशियों को दलहा पहाड़ के जंगल में छोड़ने गए थे। काम पूरा करने के बाद रात करीब 9 बजे चारों दो बाइक से वापस लौट रहे थे। बताया जा रहा है कि रलिया गांव के पास पहुंचते ही पहले से घात लगाकर बैठे 6 से 8 लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया। इसके बाद हमलावरों ने चारों ग्रामीणों पर लाठी-डंडों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर चीख-पुकार मच गई। हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में जीवन मेहर की मौत घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल ले गए। जीवन मेहर की हालत गंभीर थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल तीन ग्रामीणों का उपचार जारी है। मवेशियों को जंगल छोड़ने को लेकर था विवाद शुरुआती जांच में सामने आया है कि एनटीपीसी सीपत के राखड़ डैम प्रभावित ग्राम रलिया और आसपास के गांवों के लोगों में आवारा मवेशियों को जंगल में छोड़ने को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। कुछ ग्रामीण मवेशियों को लाकर जंगल में छोड़ने का विरोध कर रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। पुरानी रंजिश में हमले की आशंका पुलिस को आशंका है कि इसी पुरानी रंजिश के चलते हमलावरों ने चारों ग्रामीणों के लौटने का इंतजार किया और रास्ते में उन्हें घेरकर हमला किया। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। मृतक के परिजन आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलने के बाद मस्तूरी पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमलावरों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। वारदात के बाद क्षेत्र में पुलिस बल भी तैनात किया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *