![]()
फर्रुखाबाद के मऊ दरवाजा थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह सड़क हादसे में साइकिल सवार सिक्योरिटी गार्ड की मौत हो गई। ढिलावल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें लोहिया अस्पताल की इमरजेंसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। रोज की तरह साइकिल से ड्यूटी जा रहे थे मृतक की पहचान जहानगंज थाना क्षेत्र के पकड़िया गांव निवासी मुकेश कुमार अग्निहोत्री (52) के रूप में हुई है। वह शहर की एक कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी करते थे। परिजनों के मुताबिक, वह रोज की तरह शुक्रवार सुबह साइकिल से ड्यूटी पर जा रहे थे। ढिलावल के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने घायल मुकेश को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। 12 साल से कर रहे थे सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी परिजनों ने बताया कि मुकेश कुमार पिछले करीब 12 वर्षों से सिक्योरिटी गार्ड के रूप में काम कर रहे थे। वह हमेशा साइकिल से ही ड्यूटी पर आते-जाते थे। मुकेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। उनके परिवार में पत्नी मधु, तीन बच्चे सूर्यांश, प्रद्युम्न और प्रतीक्षा तथा मां गिरीश कुमारी हैं। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शुरू की जांच अस्पताल प्रशासन ने शव को मोर्चरी में रखवा दिया और घटना की सूचना पुलिस को दी। मऊ दरवाजा थानाध्यक्ष अजब सिंह ने बताया कि सड़क हादसे में व्यक्ति की मौत की जानकारी मिली है। मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और टक्कर मारने वाले वाहन की जानकारी जुटा रही है।
Source link
ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार सिक्योरिटी गार्ड की मौत:फर्रुखाबाद में ड्यूटी जाते समय हुआ हादसा, अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
