लुधियाना जिले के खन्ना सिटी थाना में खड़े हुए आढ़ती के पिता और कारिंदा।
लुधियाना के खन्ना में दिनदहाड़े करीब 2 बजे आढ़ती से गनपॉइंट पर 15 लाख और गाड़ी की लूट हुई है। आढ़ती ने ये रकम बैंक से निकलवाई थी। जैसे ही वह कैश लेकर अपनी गाड़ी में बैठे तो लुटेरों ने वारदात को अंजाम दे दिया। इसके बाद वह वहां से फरार हो गए।
.
लूट का पता चलते ही पुलिस ने लुधियाना से बाहर जाने वाले रास्ते सील कर दिए गए। एक घंटे में पुलिस ने इस मामले को सुलझा लिया। इस लूट का मास्टमाइंड आढ़ती का ड्राइवर ही निकला। उसके 2 साथी निहंग बाणे में आए थे। तीनों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

3 पॉइंट में जानिए, कैसे दिया लूट को अंजाम
- बैंक से कैश निकलवाकर बाहर लाए: पुलिस के मुताबिक आढ़ती अमलोह से पेमेंट लेने के लिए खन्ना आए थे। यहां वे HDFC बैंक में गए और वहां से 15 लाख रुपए निकलवाकर ले आए। आढ़ती का कहना था कि धान का सीजन चल रहा है। ऐसे में किसानों को फसल के भुगतान के लिए यह रकम निकलवाई थी।
- गाड़ी में बैठते ही लुटेरे घुसे, माथे पर पिस्टल तान कैश छीना: आढ़ती ने पुलिस को बताया कि वह बैंक से रकम लेकर जैसे ही बाहर खड़ी अपनी वेन्यू गाड़ी में बैठे तो अचानक 2 लुटेरों ने उन्हें गनपॉइंट पर ले लिया। लुटेरों ने उनके माथे पर पिस्टल तान दी और गोली मारने की धमकी दी। इसके बाद उन्होंने 15 लाख रुपए का कैश छीन लिया।
- गाड़ी भी लूटी, आढ़ती को बाहर फेंका: आढ़ती के मुताबिक इसके बाद लुटेरों ने उनकी वेन्यू गाड़ी भी लूट ली। उन्हें दरवाजा खोलकर गाड़ी से बाहर फेंक दिया और उनकी ही गाड़ी में फरार हो गए।
आढ़ती के ड्राइवर समेत 3 गिरफ्तार किए लूट के बाद पुलिस एक्टिव हुई। पुलिस ने एक घंटे में इस मामले को सुलझा लिया। पुलिस ने आढ़ती के ड्राइवर सुक्खी के साथ जतिंदर सिंह उर्फ काका और मनप्रीत सिंह उर्फ गोपी को गिरफ्तार किया। ये दोनों फतेहगढ़ साहिब के अमलोह के रहने वाले हैं। दोनों खिलाफ पहले भी लूटपाट के केस दर्ज हैं।
पुलिस जांच में सामने आया कि आढ़ती के ड्राइवर सुक्खी को पहले से ही पूरी जानकारी थी। उसने लुटेरों के साथ मिलकर साजिश रची और आढ़ती की गतिविधियों और पैसे संबंधी जानकारी आरोपियों तक पहुंचाई। इसके बाद आरोपियों ने मौका देखकर लूट की वारदात को अंजाम दिया।
अमलोह में कारोबार, खन्ना में भी लेन-देन लूट का शिकार हुए आढ़ती को पुलिस ने अपनी सुरक्षा में रखा हुआ है। फिलहाल उनका नाम सामने नहीं आया है। पुलिस से इतना जरूर पता चला है कि उनका अमलोह के गांव भद्दलथूहा में आढ़ती का कारोबार है। वह खन्ना में भी कारोबार के सिलसिले में पैसों का लेन-देन करते हैं।
***********
ये खबर भी पढ़ें:
मोहाली में सिर कटी युवक की लाश मिली: पार्क में सैर करने पहुंचे लोगों ने देखी; बाजू पर ‘विशाल’ नाम का टैटू बना

मोहाली के जीरकपुर स्थित पीरमुछल्ला नेचर पार्क में गुरुवार सुबह सिर कटी युवक की लाश मिली। पार्क में सुबह के वक्त जब लोग सैर करने पहुंचे, तो उन्होंने जमीन पर लाश पड़ी देखी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में ले लिया। (पढ़ें पूरी खबर)
