![]()
इटावा में पति और ससुरालियों की कथित प्रताड़ना से परेशान एक महिला ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया। महिला दोपहर करीब 1 बजे पेट्रोल से भरी बोतल और माचिस लेकर पहुंची थी। उसने अचानक अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर माचिस जलाने की कोशिश की। यह देखकर मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और होमगार्डों ने उसे तत्काल पकड़ लिया। समय रहते महिला को रोक लिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। महिला ने पति से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। एसएसपी से शिकायत करने पहुंची थी महिला कोतवाली क्षेत्र के नौरंगाबाद गिलहरी पुल निवासी ज्योति पत्नी सावन बाल्मीकि ने बताया कि उसकी शादी करीब 13 साल पहले हुई थी। उसके छह बच्चे हैं, जिनमें सात माह का बच्चा भी है। ज्योति का आरोप है कि उसका पति दूसरी महिला को अपने साथ रखता है और उसे व बच्चों के भरण-पोषण के लिए खर्च नहीं देता। इसी शिकायत को लेकर वह शुक्रवार को एसएसपी से मिलने कलेक्ट्रेट पहुंची थी। महिला का आरोप है कि उसका पति पिछले करीब पांच दिनों से दूसरी महिला के पास रह रहा है। घर का खर्च नहीं मिलने के कारण बच्चों के पालन-पोषण में भी उसे परेशानी हो रही है। पेट्रोल डालकर माचिस जलाने लगी, पुलिस ने पकड़ा शुक्रवार दोपहर कलेक्ट्रेट परिसर में ज्योति ने अचानक अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया। उसके हाथ में पेट्रोल से भरी कटी बोतल और माचिस देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी और होमगार्ड तुरंत उसकी ओर दौड़े और उसे पकड़ लिया। घटना के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। आसपास मौजूद लोगों ने भी पुलिस की मदद की। समय रहते महिला को रोक लिए जाने से बड़ा हादसा होने से बच गया। दहेज एक्ट के मुकदमे में भी लगाए आरोप ज्योति ने बताया कि उसका दहेज एक्ट का मुकदमा कोर्ट में चल रहा था। आरोप है कि पति ने उसे डराकर कोर्ट में अपने पक्ष में बयान करा लिया। इसके बाद भी उसकी प्रताड़ना बंद नहीं हुई। महिला ने करीब 15 हजार रुपये के बिजली बिल को लेकर सास से हुए विवाद का भी जिक्र किया। उसका कहना है कि लगातार पारिवारिक विवाद और आर्थिक परेशानी के कारण वह काफी तनाव में थी। अस्पताल में कराया गया मेडिकल घटना की सूचना मिलने पर सिविल लाइन और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस महिला को जिला अस्पताल लेकर गई, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। जिला अस्पताल के डॉक्टर ओम राजपूत ने बताया कि पुलिस एक महिला को मेडिकल परीक्षण के लिए लेकर आई थी। पुलिस के अनुसार, महिला ने ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह का प्रयास करने की बात बताई है। पति से जान का खतरा बताया ज्योति ने पुलिस से कहा कि उसे डर है कि उसका पति वापस आकर उसे नुकसान पहुंचा सकता है। उसने आशंका जताई कि उसके साथ कोई अप्रिय घटना होने पर पति सावन और उसके परिवार के लोग जिम्मेदार होंगे। महिला ने पति के खिलाफ कार्रवाई के साथ अपनी सुरक्षा की मांग की है। पति हिस्ट्रीशीटर बताया गया पुलिस के अनुसार, महिला का पति सावन कोतवाली थाने का हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। फिलहाल महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। पुलिस पूर्व में दर्ज मुकदमों, चल रहे पारिवारिक विवाद और महिला द्वारा लगाए गए अन्य आरोपों की भी जानकारी जुटा रही है।
Source link
इटावा कलेक्ट्रेट पहुंची महिला ने आत्मदाह की कोशिश की:पेट्रोल से भरी बोतल और माचिस लेकर पहुंची थी, पुलिसकर्मियों ने समय रहते पकड़ा
