Headlines

वार्ड-4 में गंदगी देख भड़के नगर आयुक्त:बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी, अफसरों को दी कड़ी हिदायत




गोरखपुर में शनिवार की सुबह नगर आयुक्त ने वार्ड नबर 4 मदन मोहन मालवीय नगर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सफाई व्यवस्था, डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन, सड़क और नाली निर्माण के साथ ही जलकल विभाग की योजनाओं की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान वार्ड की सफाई व्यवस्था खराब मिलने पर नगर आयुक्त ने अधिकारियों और सफाई कर्मचारियों को कड़ी हिदायत दी। इस दौरान पार्षद राजा यादव, जलकल विभाग के महाप्रबंधक रघुवेंद्र कुमार, अधिशासी अभियंता अशोक भाटी, जोनल अधिकारी अनुष्का सिंह, अवर अभियंता अवनीश भारती, मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश विरौनिया समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नालियां और खाली प्लॉट कूड़े से भरे मिले निरीक्षण के दौरान वार्ड की कई नालियां, गलियां और खाली प्लॉट कूड़े से भरे मिले। इस पर नगर आयुक्त ने सफाई सुपरवाइजर और मुख्य सफाई निरीक्षक दिनेश विरौनिया को सख्त निर्देश दिए कि वार्ड में रोजाना नियमित और बेहतर तरीके से सफाई कराई जाए। जोनल अधिकारी को पूरे वार्ड की बीट व्यवस्था तैयार कर उसके अनुसार सफाई कराने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने साफ कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और वार्ड में नियमित निगरानी की जाए। खाले टोला से खोराबार थाने तक बन रहे नाले का निरीक्षण इसके बाद नगर आयुक्त ने सीवरेज एवं जलनिकासी योजना के तहत मोहल्ला खाले टोला से खोराबार थाने तक बनाए जा रहे आरसीसी नाले का निरीक्षण किया। उन्होंने नाले के निर्माण कार्य और बेड लेवल की स्थिति देखी। निरीक्षण के दौरान नाले का बेड लेवल ठीक कराने और निर्माण कार्य को निर्धारित मानकों के अनुसार पूरा कराने के निर्देश दिए गए। नगर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्माण की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। दो दिन में सड़क और नाली का काम शुरू कराने का निर्देश त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत वार्ड में कई स्थानों पर प्रस्तावित आरसीसी नाली और सीसी सड़क निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। इसमें अशोका गैस गोदाम के पीछे आशुतोष गुप्ता के मकान से सीसी सड़क तक और कबीर ट्रेनिंग से रेलवे लाइन, नंदलाल पांडेय, प्रिया जनरल स्टोर और पीसी मैक्स एकेडमी आदि गलियों में होने वाले कार्य शामिल हैं। अवर अभियंता अवनीश भारती ने बताया कि इन कार्यों का वर्क ऑर्डर एक दिन पहले ही जारी हुआ है। इस पर नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि निर्माण कार्य को दो दिन के भीतर शुरू कराया जाए। उन्होंने काम में अनावश्यक देरी नहीं करने और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा कराने को कहा। डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का यूजर चार्ज नहीं दे रहे लोग इसके बाद नगर आयुक्त ने मालवीय नगर कॉलोनी की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। यहां अधिकारियों ने बताया कि कुछ मकान मालिक और किरायेदार डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए निर्धारित यूजर चार्ज जमा नहीं कर रहे हैं। इस पर नगर आयुक्त ने नगर निगम की आईईसी टीम को क्षेत्र में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। लोगों को डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन व्यवस्था और यूजर चार्ज के संबंध में जानकारी देने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक लोग नियमित रूप से शुल्क जमा करें। ओवरहेड टैंक में क्लोरीनेशन की जांच नगर आयुक्त ने वार्ड में स्थित ओवरहेड टैंक का भी निरीक्षण किया। इस दौरान पानी में होने वाले क्लोरीनेशन की जांच की गई। उन्होंने महाप्रबंधक जलकल को निर्देश दिया कि पानी की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए नियमित रूप से मानक के अनुसार क्लोरीनेशन कराया जाए। सीवर लाइन का चैंबर धंसने से दो वार्डों में परेशानी निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक जलकल ने बताया कि गुरुंग चौराहे के पास नंदानगर और गायत्रीनगर से आने वाली सीवर लाइन का चैंबर धंस गया है। इसके कारण दोनों वार्डों में सीवर की निकासी प्रभावित हो रही है। नगर आयुक्त ने मौके का निरीक्षण किया और समस्या को जल्द दूर कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिशासी अभियंता जल निगम पंकज कुमार को धंसे हुए चैंबर की मरम्मत कराकर सीवर निकासी व्यवस्था को सुचारू कराने के निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने पूरे निरीक्षण के दौरान सफाई व्यवस्था, निर्माण कार्य और जलनिकासी से जुड़ी समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर कराने पर जोर दिया। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि चल रहे कार्यों की नियमित निगरानी करें और जनता को किसी तरह की परेशानी न हो, इसका विशेष ध्यान रखें।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *