दमोह: सड़क निर्माण की मांग पर छात्रों का प्रदर्शन:बारिश में कीचड़ से परेशान छात्रों ने किया चक्काजाम, तहसीलदार ने दिया आश्वासन




दमोह जिले की पटेरा तहसील के मझगवां पतोल गांव में शनिवार दोपहर छात्रों ने सड़क निर्माण की मांग को लेकर चक्काजाम कर दिया। तेज बारिश के बीच छात्रों ने सड़क पर साइकिलें खड़ी कर प्रदर्शन किया, जिसमें स्थानीय ग्रामीणों ने भी उनका समर्थन किया। यह प्रदर्शन करीब एक घंटे तक चला। छात्रों की मुख्य मांग थी कि उन्हें स्कूल तक जाने के लिए पक्का रास्ता उपलब्ध कराया जाए। कुछ लोगों ने इस घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी साझा किया। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे। उन्होंने छात्रों के साथ उस कच्चे मार्ग का निरीक्षण किया और जल्द ही वैकल्पिक मार्ग बनाने का आश्वासन दिया। छात्रों ने बताया कि उनका स्कूल मुख्य मार्ग से एक किलोमीटर अंदर है। वहां तक जाने के लिए पक्का रास्ता नहीं है। बारिश के मौसम में हर साल वहां कीचड़ हो जाता है, जिससे पैदल चलना भी मुश्किल हो जाता है। छात्रों के अनुसार, यह समस्या कई वर्षों से बनी हुई है। उन्होंने स्कूल प्रबंधन और पटेरा के अधिकारियों को भी इस बारे में अवगत कराया है, लेकिन आज तक किसी ने इस पर ध्यान नहीं दिया। प्रदर्शन में शामिल ग्रामीणों ने छात्रों की मांग को जायज ठहराया। उन्होंने कहा कि छात्रों को स्कूल तक पहुंचने के लिए एक किलोमीटर कच्चे रास्ते से गुजरना पड़ता है। इसके आगे किसानों की जमीनें हैं, जहां उन्हें भी आवागमन में परेशानी होती है। सड़क बनने से छात्रों के साथ-साथ आम लोगों को भी सुविधा मिलेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *