Headlines

उन्नाव में अज्ञात वाहन की टक्कर से मिस्त्री की मौत:पैदल घर लौटते समय हुआ हादसा, पुलिस जांच में जुटी




उन्नाव के पुरवा कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात एक सड़क हादसे में पैदल घर लौट रहे एक मिस्त्री की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। गुरुवार सुबह परिजनों ने घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया और अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पुरवा कोतवाली क्षेत्र के काजी खेड़ा गांव निवासी छविनाथ (40) पुत्र स्वर्गीय धनी राम मिस्त्री का काम करते थे। बुधवार देर रात वह अपना काम समाप्त कर पैदल घर लौट रहे थे। इसी दौरान खिन्नी मोड़ के पास किसी अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय लोगों ने पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल छविनाथ को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गुरुवार सुबह पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे परिजनों ने बताया कि छविनाथ मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी अचानक मौत से परिवार पर गहरा असर पड़ा है। मृतक अपने पीछे दो बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारी पूरी तरह उन्हीं के कंधों पर थी। परिजनों और ग्रामीणों ने पुलिस से आरोपी वाहन चालक की जल्द पहचान कर उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुरवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक भुवन सिंह ने बताया कि सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *