Headlines

सासन पावर का ऐश डैम 8 दिन बाद फिर टूटा:सिंगरौली में 14 अगस्त को भी बहा था 5760 टन फ्लाई ऐश, ग्रामीण परिवार शिफ्ट




सिंगरौली जिले के सिद्धिखुर्द गांव में सासन पावर लिमिटेड के ऐश डैम का एक हिस्सा शनिवार दोपहर एक बार फिर क्षतिग्रस्त हो गया। यह वही हिस्सा है जो 14 अगस्त को भी टूटा था। कंपनी ने पहली घटना के बाद इसकी मरम्मत कराई थी, लेकिन आठ दिन बाद दोबारा उसी जगह से डैम के टूटने का वीडियो सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया। कलेक्टर गौरव बैनल ने नुकसान का आकलन करने के लिए तहसीलदार और उनकी टीम को मौके पर भेजा। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा ले रही है। फिलहाल, कितनी मात्रा में फ्लाई ऐश बाहर निकली और इससे कितना नुकसान हुआ है, इसका आकलन नहीं हो पाया है। इससे पहले, 14 अगस्त को भी इसी ऐश डैम के क्षतिग्रस्त होने से लगभग 5760 टन फ्लाई ऐश बहकर आसपास के खेतों और आवासीय क्षेत्र तक पहुंच गई थी। उस घटना के बाद ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद प्रशासन ने कंपनी को नोटिस जारी किया था। प्रशासनिक टीम मौके पर भेजी दैनिक भास्कर से बातचीत में कलेक्टर गौरव बैनल ने बताया कि सूचना मिलते ही तहसीलदार और उनकी टीम को मौके पर भेज दिया गया है। संभावित खतरे को देखते हुए कुछ परिवारों को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया गया है। आवश्यकता पड़ने पर अन्य परिवारों को भी सुरक्षित जगह भेजा जाएगा। कलेक्टर ने यह भी बताया कि पिछली घटना को लेकर सासन पावर लिमिटेड को नोटिस जारी किया जा चुका है। पर्यावरण विभाग भोपाल की ओर से भी कंपनी को नोटिस दिया गया है। प्रशासन ने कंपनी को डैम की मरम्मत का काम तत्काल शुरू करने के निर्देश दिए हैं।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *