कुशीनगर में हाथ-पैर बंधा युवक अचेत अवस्था में मिला:पुलिस बूथ के पास झाड़ियों में बरामद, मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था




कुशीनगर के तुर्कपट्टी थाना क्षेत्र में राजापाकड़ चौराहे पर पुलिस बूथ के पास झाड़ियों में गुरुवार सुबह एक युवक हाथ-पैर बंधे और अचेत अवस्था में मिला। उसके मुंह में कपड़ा भी ठूंसा हुआ था। युवक की पहचान स्थानीय निवासी गुड्डू शर्मा के रूप में हुई है, जो कथित तौर पर एक मीडियाकर्मी हैं। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक के हाथ-पैर बंधे थे, मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था और उसके शरीर व गले तक रस्सी लपेटी गई थी। अचेत अवस्था में मिले युवक को देखकर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। इस दौरान कुछ स्थानीय लोगों ने घटना का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। घटनास्थल पुलिस बूथ से महज 50 मीटर की दूरी पर होने के कारण पुलिस गश्त और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुलिस बूथ के इतनी करीब युवक को इस हालत में कौन बांधकर फेंक गया और पुलिस को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। स्थानीय सूत्रों के अनुसार, गुड्डू शर्मा का तहसील तमकुहीराज के एसडीएम न्यायालय में एक जमीनी विवाद विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि इस विवाद के चलते विपक्षियों से उनकी काफी समय से अनबन चल रही थी। तुर्कपट्टी थानाध्यक्ष आलोक कुमार ने बताया कि युवक की पहचान गुड्डू शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस घटना के कारणों की गहन जांच कर रही है। युवक को प्राथमिक उपचार के लिए स्थानीय पीएचसी ले जाया गया, जिसके बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। उन्होंने मामले को संदिग्ध बताते हुए कहा कि प्रारंभिक छानबीन में प्रायोजित प्रतीत हो रहा है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *