Headlines

फरीदाबाद में 16 वर्षीय छात्र ने लगाई फांसी:पढ़ाई को लेकर मानसिक रूप से परेशान था, दो दिन बाद मिला शव




फरीदाबाद के धौज थाना क्षेत्र स्थित खोरी जमालपुर गांव में 16 वर्षीय छात्र की आत्महत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान अल्फा उर्फ अल्फाज के रूप में हुई है, जो 11वीं कक्षा का छात्र था। परिजनों के अनुसार वह पढ़ाई को लेकर मानसिक तनाव में था। दो दिन तक लापता रहने के बाद उसका शव घर के पीछे बने एक कमरे में फंदे से लटका मिला। जानकारी के अनुसार अल्फाज 20 अगस्त की सुबह स्कूल ड्रेस और बैग लेकर घर से निकला था। वह गांव के एक निजी स्कूल में 11वीं कक्षा में मेडिकल साइंस की पढ़ाई कर रहा था। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। परिजन स्कूल पहुंचे तो पता चला कि वह उस दिन स्कूल पहुंचा ही नहीं था। इसके बाद परिवार ने सोशल मीडिया के माध्यम से उसकी गुमशुदगी की जानकारी साझा कर खोजबीन जारी रखी। परिजन बोले- घटना की सूचना पुलिस को दी परिजनों का कहना है कि 21 अगस्त की रात वह किसी समय घर वापस आ गया, लेकिन इसकी जानकारी किसी को नहीं हो सकी। 22 अगस्त की सुबह परिवार का एक सदस्य घर के पीछे बने कमरे में पहुंचा तो दरवाजा अंदर से बंद मिला। दरवाजा खोलने पर अल्फाज का शव फंदे से लटका मिला। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। मृतक के पिता हिदायत खान ने बताया कि अल्फाज मेडिकल साइंस विषय की पढ़ाई कर रहा था और पढ़ाई को लेकर काफी दबाव महसूस करता था। वह कई बार पढ़ाई छोड़ने की बात भी करता था। परिवार उसे समझाने का प्रयास करता रहा, लेकिन उन्हें अंदाजा नहीं था कि वह इतना बड़ा कदम उठा लेगा। सूचना मिलने पर धौज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए ईएसआई मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया। थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों और स्कूल के साथियों से पूछताछ की जाएगी ताकि घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *