![]()
पूर्णिया में ब्यूटी पार्लर की आड़ में स्मैक का धंधा चल रहा था। पुलिस ने मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक महिला संचालक है। पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर कुल 252.48 ग्राम स्मैक और 74,800 रुपए नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा एक बाइक और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई है। पूर्णिया के सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने बताया कि 22 अगस्त को मिली सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई। सदर थाना क्षेत्र और के.हाट थाना क्षेत्र में संयुक्त छापेमारी कर कार्रवाई की गई है। इस अभियान में महिला समेत दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जो इस अवैध धंधे में संलिप्त थे। दो अलग जगहों पर पर छापेमारी
सदर एसडीपीओ 1 ने बताया कि कार्यपालक दंडाधिकारी की मौजूदगी में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया, जिसने दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की । इस दौरान सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत एमआईटी कॉलेज के पास से प्रमोद कुमार नाम के व्यक्ति को पकड़ा। परमोद के पास से 202. 77 ग्राम स्मैक और 41,390 रुपए नगद बरामद हुए। बाइक भी जब्त की। इसके अलावा पुलिस ने के.हाट थाना क्षेत्र अंतर्गत जनता चौक के पास ध्रुव उद्यान के समीप राधा ब्यूटी पार्लर में छापेमारी कर 49.71 ग्राम स्मैक और 33,410 रुपए नकद बरामद किए। इस दौरान ब्यूटी पार्लर की संचालिका राधा देवी को गिरफ्तार किया है।
स्मैक बिक्री और डिलीवरी का चल रहा था धंधा
पुलिस ने बताया कि पूछताछ में सामने आया है कि ब्यूटी पार्लर की आड़ में संगठित रूप से स्मैक की बिक्री और डिलीवरी का नेटवर्क संचालित किया जा रहा था। दोनों थानों में अलग-अलग प्राथमिकी दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
संदिग्ध व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और केंद्रों की लिस्ट बन रही
सदर एसडीपीओ 1 अभिनव पाराशर ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान सिंडिकेट में शामिल कई अन्य तस्करों और सप्लायरों के नाम सामने आए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
सदर एसडीपीओ ने बताया कि जिले के ऐसे सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों-संदिग्ध केंद्रों की सूची तैयार कर जांच की जा रही है, जिनकी आड़ में अवैध नशे का कारोबार चलने की आशंका है।
Source link
