![]()
सहारनपुर में बेहट रोड स्थित माहेश्वरी खुर्द के पास बीजोपूरा गांव में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब कागज से भरे एक सीएनजी ट्रक में 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन छू जाने से अचानक आग लग गई। देखते ही देखते ट्रक आग का गोला बन गया। आग की लपटों के ब
.
हाईटेंशन लाइन छूते ही ट्रक में लगी आग
ग्रामीणों के मुताबिक, कागज से लदा सीएनजी ट्रक बीजोपूरा गांव से होकर गुजर रहा था। इसी दौरान ट्रक ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन लाइन के संपर्क में आ गया। लाइन के संपर्क में आते ही ट्रक में अचानक आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और ट्रक से तेज लपटें उठने लगीं।
ट्रक में कागज भरा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग लगने के बाद गांव में मौजूद लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। ग्रामीणों को सबसे ज्यादा चिंता इस बात की थी कि ट्रक सीएनजी से चल रहा था। ऐसे में आग सीएनजी टैंक तक पहुंचने पर बड़ा हादसा होने की आशंका थी।
जान जोखिम में डालकर ड्राइवर ने गांव से बाहर निकाला ट्रक
ग्रामीण आसिफ के मुताबिक, आग लगने के बाद ड्राइवर ने हिम्मत दिखाई। उसने जलते हुए ट्रक को गांव के बीच रोकने के बजाय मुख्य सड़क की ओर दौड़ा दिया। ड्राइवर का कहना था कि ट्रक को गांव से बाहर निकालना जरूरी था, क्योंकि सीएनजी तक आग पहुंचने पर बड़ा हादसा हो सकता था।
इस दौरान ट्रक में लदा कागज आग की चपेट में आकर जलता रहा और सड़क पर गिरता गया। ट्रक के गुजरने के रास्ते में जगह-जगह जला हुआ कागज और मलबा फैल गया। आग की लपटों में घिरे ट्रक को गांव से बाहर जाता देखकर ग्रामीणों की सांसें अटक गईं।
फायर ब्रिगेड ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
ग्रामीणों ने घटना की सूचना तत्काल फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। फायर कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पाया। आग बुझने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि ट्रक में लदा काफी मात्रा में कागज जलकर राख हो गया। आग के कारण सड़क पर काफी दूर तक जला हुआ कागज और मलबा बिखर गया।
गांव के बीच से बड़े वाहनों का आवागमन रोका जाए
घटना के बाद ग्रामीणों ने गांव के बीच से बड़े वाहनों के आवागमन को लेकर चिंता जताई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर ट्रक गांव के बीच आग की चपेट में आने के बाद रुक जाता या सीएनजी तक आग पहुंच जाती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। उन्होंने मांग की कि गांव के बीच से भारी वाहनों के आवागमन को नियंत्रित किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना होने पर बड़ा हादसा न हो।
