![]()
जालंधर में नगर निगम कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बिगड़ रही सफाई व्यवस्था को लेकर भारतीय मूलनिवासी मुक्ति मोर्चा (BM3) के जालंधर वेस्ट हलका इंचार्ज अमन गिल ने पंजाब सरकार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि हड़ताल के चलते शहर के कई इलाकों में कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अमन गिल ने जालंधर वेस्ट के विधायक एवं पंजाब सरकार में कैबिनेट मंत्री महिंदर भगत से इस मामले को सरकार के समक्ष मजबूती से उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब किसी क्षेत्र का विधायक कैबिनेट मंत्री हो, तो वहां के लोगों को बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान नहीं होना चाहिए। गिल बोले- कूड़ा जमा होने से गंदगी और बदबू का माहौल बना हुआ है गिल के अनुसार, कई इलाकों में कूड़ा जमा होने से गंदगी और बदबू का माहौल बना हुआ है। इससे लोगों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ रही है। उन्होंने सरकार से बयानबाजी के बजाय समस्या का जमीनी स्तर पर समाधान करने की मांग की। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान और पंजाब सरकार से सवाल किया कि चुनावों के दौरान कर्मचारियों से किए गए वादों का क्या हुआ। गिल ने कहा कि सरकार ने कर्मचारियों को अपनी मांगों के लिए धरने और हड़ताल की स्थिति नहीं आने देने का भरोसा दिया था, लेकिन आज कई विभागों के कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं। अमन गिल ने मांग की कि सफाई कर्मचारियों की जायज मांगों का जल्द समाधान कर हड़ताल खत्म करवाई जाए और शहर की सफाई व्यवस्था तुरंत बहाल की जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं हुईं तो जनता की आवाज और मजबूती से उठाई जाएगी।
Source link
जालंधर में कूड़े के ढेर से लोग परेशान:BM3 नेता अमन गिल ने सरकार को घेरा, बोले- कैबिनेट मंत्री अपने इलाके की सफाई व्यवस्था सुधरवाएं
