![]()
सीतापुर में लहरपुर विकासखंड क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 5 बजे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अवैध रूप से संचालित किए जा रहे तीन निजी अस्पतालों की जांच की। जांच के दौरान अस्पतालों में डॉक्टरों की मौजूदगी और जरूरी मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं नहीं मिलीं। स्वास्थ्य विभाग ने तीनों संचालकों को नोटिस जारी कर दस्तावेज प्रस्तुत करने और जांच पूरी होने तक अस्पतालों का संचालन बंद रखने के निर्देश दिए। वैलनेस हॉस्पिटल में डॉक्टर नहीं मिले, मरीज भर्ती थे एसीएमओ डॉ. इमरान खान, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अरविंद बाजपेई और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सबसे पहले केसरीगंज स्थित वैलनेस हॉस्पिटल का निरीक्षण किया। टीम ने अस्पताल के संचालन से जुड़े दस्तावेज और जरूरी प्रपत्रों की जांच की। इस दौरान मौके पर कोई डॉक्टर मौजूद नहीं मिला, जबकि अस्पताल में मरीज भर्ती पाए गए। स्वास्थ्य विभाग ने संचालक को नोटिस देकर तत्काल संचालन बंद करने के निर्देश दिए। खाटू श्याम हॉस्पिटल में डॉक्टर और मरीज दोनों नहीं मिले इसके बाद टीम ने हरगांव मार्ग स्थित श्री खाटू श्याम हॉस्पिटल की जांच की। यहां न तो कोई डॉक्टर मौजूद मिला और न ही कोई मरीज भर्ती था। टीम ने अस्पताल संचालक को नोटिस जारी कर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। साथ ही दस्तावेजों की जांच पूरी होने तक अस्पताल बंद रखने को कहा। आरए अस्पताल में एक मरीज भर्ती मिला स्वास्थ्य विभाग की टीम सीतापुर मार्ग स्थित आरए अस्पताल भी पहुंची। टीम के पहुंचने से पहले डॉक्टर मौके से निकल गए थे। अस्पताल में एक मरीज भर्ती मिला। निरीक्षण के बाद संचालक को नोटिस जारी कर अस्पताल का संचालन बंद रखने के निर्देश दिए गए। तीन कार्य दिवस में दस्तावेज देने के निर्देश एसीएमओ डॉ. इमरान खान ने बताया कि तीनों अस्पतालों की जांच की गई है। किसी भी अस्पताल में डॉक्टर मौके पर मौजूद नहीं मिले। संचालकों को तीन कार्य दिवस के भीतर संचालन से संबंधित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। दस्तावेजों की जांच पूरी होने तक तीनों अस्पतालों का संचालन बंद रहेगा। कार्रवाई के बाद निजी अस्पताल और क्लिनिक संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।
Source link
सीतापुर में 3 निजी अस्पतालों की जांच, डॉक्टर नहीं मिले:स्वास्थ्य विभाग ने नोटिस देकर संचालन बंद कराया; 3 दिन में मांगे दस्तावेज
