भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में पहुंची दीया कुमारी:बोलीं- निकाय चुनाव में कार्यकर्ताओं को मिलकर काम करना होगा




विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र में वीकेआई एसोसिएशन भवन (रोड नंबर-1) पर आयोजित भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए आगामी निकाय चुनाव के लिए पूरी एकजुटता के साथ मैदान में उतरने का आह्वान किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। चुनाव को लेकर उत्साह एवं तैयारियों का प्रदर्शन किया। दीया कुमारी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा- चुनाव में पार्टी की जीत के लिए सभी कार्यकर्ताओं को मिलकर और पूरी एकजुटता के साथ काम करना होगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि क्षेत्र की सभी 22 सीटों पर भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत के साथ जुटें। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कार्यकर्ताओं से कांग्रेस को चुनाव में कड़ी चुनौती देने और पार्टी की जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से काम करने का आह्वान किया। कार्यकर्ताओं का उत्साह जीत का संकेत उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मेलन में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं की मौजूदगी यह बताती है कि भाजपा कार्यकर्ताओं में चुनाव को लेकर जबरदस्त उत्साह है। कार्यकर्ताओं की यही ऊर्जा और एकजुटता आगामी चुनाव में पार्टी के अच्छे परिणामों का आधार बनेगी। दीया कुमारी ने कहा कि भाजपा केवल जयपुर ही नहीं, बल्कि राजस्थान के सभी निकायों में जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। प्रदेश सरकार ने लगातार विकास कार्य किए हैं। भाजपा इन्हीं विकास कार्यों को लेकर जनता के बीच जाएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि सरकार के काम और विकास के आधार पर जनता भाजपा के पक्ष में अपना समर्थन देगी। बावनकुले बोले- कार्यकर्ताओं का जोश बड़ी जीत का संकेत राजस्थान निकाय चुनाव सह-प्रभारी चन्द्रशेखर बावनकुले ने सम्मेलन में बड़ी संख्या में पहुंचे कार्यकर्ताओं का आभार जताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं में दिखाई दे रहा उत्साह आगामी निकाय चुनाव में भाजपा की बड़ी जीत का संकेत है। भाजपा सरकार की ओर से किए गए विकास कार्यों का सीधा लाभ जनता को मिला है। उन्होंने देश के विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ने की बात भी कही। भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री रोहन गुप्ता ने कहा कि कार्यकर्ताओं में दिखाई दे रहा उत्साह पार्टी की जीत का स्पष्ट संकेत हैं। भाजपा के कार्यकर्ता केवल चुनाव जीतने के लिए नहीं, बल्कि संगठन के लिए नए आयाम स्थापित करने के संकल्प के साथ मैदान में उतरने को तैयार हैं। सम्मेलन में जयपुर सांसद मंजू शर्मा, विधानसभा संयोजक रूपेन्द्र सिंह करीरी, विधानसभा सह-संयोजक रिद्धिकरण परसरामपुरिया, जिला पदाधिकारी, मंडल अध्यक्ष, वार्ड संयोजक, मोर्चा अध्यक्ष, पूर्व पार्षद, प्रत्याशी, मंडल पदाधिकारी, बूथ अध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *