![]()
मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में मार्च में हुई हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। साले ने ही जीजा को मारकर उसकी लाश नाले की रेत में दफना दी थी। मृतक अपनी पत्नी पर उसके ममेरे भाई (मुख्य आरोपी) से अफेयर का शक करता था। इसी शक में पत्नी से मारपीट करता था। आरोपी ने वारदात को अंजाम देने नाबालिग समेत 3 और लोगों को अपने साथ शामिल किया। आरोपियों ने उसे शराब पिलाने के बहाने खेत में बुलाया और गमछे से गला घोंटकर मार दिया। इसके बाद शव को नाले के किनारे गड्ढा खोदकर रेत में दबा दिया था। इस मामले में पुलिस ने नाबालिग समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में उपयोग की गई बाइक भी जब्त की है। घटना मदनवाड़ा थाना क्षेत्र की है। कोहका नाले के पास मिला था अज्ञात शव घटना 5 मार्च 2026 की है। भैंसाराटोला निवासी संजय हथगिया ने पुलिस को कोहका नाले के पास एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना दी थी। सूचना मिलते ही मदनवाड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस को हत्या की आशंका हुई। इसके बाद BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत अपराध दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों की मदद से मृतक की पहचान कदम भुआर्य (36), निवासी राजकट्टा, थाना औंधी के रूप में की। हैदराबाद तक पहुंची पुलिस, संदेही को हिरासत में लिया मामले की जांच के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक वाई.पी. सिंह के निर्देशन और एसडीओपी विनोद मिंज के मार्गदर्शन में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने साइबर सेल की तकनीकी मदद के साथ मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर संदिग्धों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुख्य संदेही चंदन अंधारे की लोकेशन हैदराबाद में मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर उसे हिरासत में लिया। पूछताछ में पुलिस के अनुसार, चंदन ने हत्या की पूरी घटना के बारे में जानकारी दी। पत्नी से संबंध के शक को लेकर थी रंजिश पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सामने आया कि मृतक कदम भुआर्य अपनी पत्नी परमेश्वरी के साथ अक्सर मारपीट करता था। उसे शक था कि पत्नी के उसके ममेरे भाई चंदन के साथ संबंध हैं। इसी बात को लेकर कदम और चंदन के बीच रंजिश थी। वहीं, परमेश्वरी का भाई चमन लाल देहरी भी अपनी मां और बहन के साथ मृतक के व्यवहार से नाराज था। पुलिस के अनुसार, इसी पारिवारिक विवाद और रंजिश के चलते चंदन और चमन ने कदम की हत्या की साजिश रची। पुलिस के मुताबिक, इस साजिश में हेमंत राणा और एक नाबालिग को भी शामिल किया गया। शराब पिलाने के बहाने खेत में ले गए पुलिस के अनुसार, 28 फरवरी को आरोपियों ने कदम को सीतागांव बस स्टॉप के पास रोका। इसके बाद उसे शराब पीने के बहाने चंदन के घर के पास स्थित खेत में ले गए। वहां सभी ने शराब पी। पुलिस के मुताबिक, जब कदम ज्यादा नशे में हो गया तो आरोपियों ने कथित तौर पर गमछे से उसका गला घोंट दिया। हत्या के बाद आरोपियों ने शव को पास के नाले किनारे ले जाकर गड्ढा खोदा और रेत में दबा दिया। पुलिस के अनुसार, मृतक का मोबाइल, पर्स और जूते भी नाले में फेंक दिए गए थे, ताकि घटना से जुड़े सबूत मिटाए जा सकें। …………………… क्राइम से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… रायपुर- पार्षद ने किया ऑपरेटर का मर्डर: पानी को लेकर बहस हुई, महासमुंद ले जाकर पीटा, सबूत मिटाने रेत में गाड़ी लाश; 4 अरेस्ट रायपुर के पार्षद ने 2 दोस्तों के साथ मिलकर मोनेट कपंनी के ऑपरेटर की महासमुंद में हत्या कर दी। 22 मई की रात ग्राम नकटा में भुवनेश्वर यादव (31) ने नोहर दास (35) के साथ बैठकर शराब पी थी। नोहर मंदिर हसौद में निर्दलीय पार्षद है। पढ़ें पूरी खबर
Source link
साले ने शराब पिलाकर जीजा का गला घोंटा:नाले की रेत में शव दफनाया, बहन से मारपीट का बदला लेने हत्या की, 4 अरेस्ट
