![]()
यमुनानगर शहर को सुंदर और व्यवस्थित बनाने के साथ-साथ पार्किंग की समस्या दूर करने के लिए नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी अब गुरुग्राम, दिल्ली और नोएडा के मॉडल को शहर में लागू करने की तैयारी कर रहा है। इसी कड़ी में मेयर सुमन बहमनी ने अतिरिक्त निगम आयुक्त धीरज कुमार, अधिकारियों और पार्षदों के साथ इन शहरों का दौरा कर वहां की आधुनिक परियोजनाओं का जायजा लिया। टीम ने देखा कि बड़े शहर सीमित जगह का इस्तेमाल किस तरह बेहतर सुविधाएं विकसित करने में कर रहे हैं। दौरे में सबसे ज्यादा जोर मल्टीलेवल पार्किंग और वेस्ट से बेस्ट जैसी परियोजनाओं पर रहा। गुरुग्राम में टीम ने निर्माणाधीन नगर निगम भवन, स्वीमिंग पूल, मल्टीलेवल पार्किंग और वंडर पार्क का निरीक्षण किया। वहीं दिल्ली के पार्कों की व्यवस्था और सौंदर्यीकरण मॉडल को देखा गया। नोएडा में जंगल पार्क में वेस्ट सामग्री से तैयार हाथी, ऊंट, घोड़े और अन्य जंगली पशुओं की आकृतियों को देखकर टीम ने वेस्ट से बेस्ट की अवधारणा को समझा। गुरुग्राम में जहां जगह कम, वहां पार्किंग का इंतजाम कई स्तरों पर गुरुग्राम में मल्टीलेवल पार्किंग देखकर निगम की टीम ने यह समझने का प्रयास किया कि कम जमीन में अधिक वाहनों की पार्किंग किस तरह संभव बनाई जा सकती है। यमुनानगर-जगाधरी में भी बाजार और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पार्किंग की समस्या लगातार सामने आती है। मेयर ने पार्किंग की डिजाइन, क्षमता और निर्माण प्रक्रिया की जानकारी ली। वहीं गुरुग्राम के वंडर पार्क में आकर्षक कलाकृतियों और मनोरंजन की सुविधाओं का जायजा लिया गया। निगम की टीम ने यह भी देखा कि पार्क को केवल हरियाली तक सीमित रखने के बजाय उसे बच्चों और परिवारों के लिए आकर्षण का केंद्र कैसे बनाया जा सकता है। दिल्ली के पार्कों से सौंदर्यीकरण का मॉडल देखा इसके बाद टीम ने दिल्ली के विभिन्न पार्कों का दौरा किया। यहां पार्कों की हरियाली, रखरखाव, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं को देखा गया। निगम अधिकारियों ने इस बात की जानकारी ली कि बड़े शहरों में पार्कों को किस तरह व्यवस्थित रखकर लोगों के लिए आकर्षक बनाया जा रहा है। नोएडा के जंगल पार्क में वेस्ट सामग्री से तैयार कलाकृतियां टीम के लिए खास आकर्षण रहीं। बेकार पड़ी सामग्री से हाथी, ऊंट, घोड़े और अन्य जंगली पशुओं की आकृतियां तैयार की गई हैं। इससे एक ओर पार्क की सुंदरता बढ़ी तो दूसरी ओर कचरे को उपयोगी और आकर्षक रूप देने का संदेश भी दिया गया। मेयर ने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी में भी ऐसी परियोजनाएं विकसित होने से पार्कों को नया रूप देने के साथ शहर में वेस्ट मैटेरियल के बेहतर इस्तेमाल का मॉडल तैयार किया जा सकता है। मेयर बोलीं- दूसरे शहरों की अच्छी योजनाएं यहां लागू करेंगे मेयर सुमन बहमनी ने कहा कि यमुनानगर-जगाधरी को आधुनिक और सुंदर शहर बनाने के लिए दूसरे शहरों में किए गए बेहतर कार्यों से सीख ली जाएगी। गुरुग्राम की तर्ज पर मल्टीलेवल पार्किंग, वंडर पार्क और नोएडा की तर्ज पर वेस्ट से बेस्ट कलाकृतियों वाले पार्क विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जहां गुरुग्राम ने सीमित जगह में पार्किंग का समाधान तलाशा है, वहीं नोएडा ने वेस्ट सामग्री को शहर की खूबसूरती का हिस्सा बनाया है। इन दोनों मॉडलों से यमुनानगर को भी काफी कुछ सीखने को मिल सकता है। शहर का सौंदर्यीकरण केवल सजावट तक सीमित नहीं रहेगा। इसका उद्देश्य नागरिकों को बेहतर पार्किंग, मनोरंजन, हरियाली और अन्य सुविधाएं उपलब्ध करवाना है। स्थानीय जरूरतों के अनुसार इन परियोजनाओं को यमुनानगर-जगाधरी में लागू करने की संभावनाएं तलाश की जाएंगी।
Source link
गुरुग्राम-नोएडा-दिल्ली की तर्ज पर डेवलप होगा यमुनानगर:मेयर-पार्षदों ने किया बड़े शहरों का दौरा, मल्टीलेवल पार्किंग और वेस्ट से बेस्ट पर होगा काम
