Headlines

रायपुर एयरपोर्ट निजी हाथों में:टिकट की कीमत बढ़ाएंगे, सुरक्षा और एयर ट्रैफिक कंट्रोल अथॉरिटी के पास रहेगा




केंद्र सरकार ने रायपुर समेत 11 एयरपोर्ट को निजी हाथों में देने का फैसला कर लिया है। अब इसके लिए टेंडर और बिड की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। दैनिक भास्कर ने इस पूरे मामले की जानकारी ली तो पता चला कि एयरपोर्ट निजी हाथों में जाने के साथ पूरा सिस्टम बदल जाएगा। अभी तक एयरपोर्ट का संचालन रायपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी करती है, लेकिन टेंडर के बाद इसका संचालन जिस कंपनी को मिलेगा उसके हाथों में चला जाएगा। अभी तक जिन भी शहरों में उदाहरण के तौर पर जयपुर, मुंबई, लखनऊ, अहमदाबाद जैसे बड़े विमानतलों को निजी कंपनी ही ऑपरेट कर रही है। वहां भी टिकटों और पार्किंग शुल्क बढ़ाया गया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी के अनुसार केंद्र सरकार की ओर से बिड, टेंडर और हैंडओवर की प्रक्रिया करने में कम से कम दो साल का समय लगेगा। जिस भी कंपनी की बीड सर्वोच्च होगी उस कंपनी को रायपुर एयरपोर्ट का संचालन 50 साल के लिए दिया जाएगा। यानी 2028 के बाद अगले 50 साल तक प्राइवेट कंपनी ही एयरपोर्ट को ऑपरेट करेगी। इसके बदले केंद्र सरकार को एक निश्चित रकम मिलेगी। कंपनी एयरपोर्ट में विज्ञापन, एयरलाइंस के संचालन, काउंटर, दुकान समेत कई कई तरह की चीजों से आय अर्जित करेगी। छत्तीसगढ़ में ऐसा पहली बार होगा जब किसी शहर के एयरपोर्ट को निजी कंपनी को सौंपा जाएगा। रायपुर से इंटरनेशनल उड़ानें हो सकती है शुरू एयरपोर्ट को निजी हाथों में सौंपने के बावजूद वहां की सुरक्षा और एयर ट्रैफिक कंट्रोल रायपुर एयरपोर्ट अथॉरिटी के पास ही रहेगा। विमानतल की सुरक्षा पहले की तरह सीआईएसएफ वाले ही करेंगे। इसमें कंपनी का कोई हस्तक्षेप नहीं होगा। निजी कंपनी को एयरपोर्ट मिलने के बाद रायपुर से इंटरनेशनल उड़ानें शुरू हो सकती हैं। क्योंकि कंपनियां एयरपोर्ट को लार्ज स्केल पर ले जाने की पूरी कोशिश करते हैं, जिससे उनकी आय भी बढ़े। वे देश-विदेश में संबंधित एयरपोर्ट की ब्रांडिंग करते हैं। एयरपोर्ट की कई सुविधाओं का आधुनिकीकरण होगा। अब नामी कंपनियों के बिड में शामिल होने की भी संभावना दैनिक भास्कर को मिली जानकारी के अनुसार रायपुर एयरपोर्ट की सर्वसुविधायुक्त टर्मिनल बिल्डिंग, बड़ा रनवे, पार्किंग, यात्रियों की संख्या, ज्यादा उड़ान समेत कई सुविधाओं को देखते हुए देश की नामी कंपनियां बीड में शामिल होंगी। इनमें आदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स, जीएमआर एयरपोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो, जीवीके ग्रुप, आईआरबी इंफ्रास्ट्रक्चर जैसी कंपनियों के नाम सामने आ रहे हैं। रायपुर एयरपोर्ट देश के टॉप थ्री विमानतलों में शामिल हैं जहां की सुविधाओं की वजह से उड़ान भरने वाले यात्री बेहद संतुष्ट रहते हैं। अब ये एयरपोर्ट जाएंगे निजी हाथों में समूह 1: वाराणसी, गया और कुशीनगर
समूह 2: तिरुचिरापल्ली (त्रिची) व तिरुपति
समूह 3: अमृतसर और कांगड़ा (गग्गल)
समूह 4: भुवनेश्वर और हुबली
समूह 5: रायपुर व औरंगाबाद (छत्रपति संभाजीनगर)



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *