![]()
छिंदवाड़ा में आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने के लिए छिंदवाड़ा पुलिस ने मंगलवार देर शाम शहर में फ्लैग मार्च निकाला। पुलिस अधीक्षक अजय पांडेय के निर्देशन में पुलिस लाइन और शहर के विभिन्न थानों के संयुक्त बल ने प्रमुख बाजारों, चौराहों और संवेदनशील क्षेत्रों में रूट मार्च किया। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेने के साथ बल को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पुलिस की बड़ी संख्या में मौजूदगी के जरिए शहरवासियों को सुरक्षा का संदेश दिया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या उपद्रव से सख्ती से निपटा जाएगा। पुलिस लाइन से शुरू हुआ फ्लैग मार्च फ्लैग मार्च की शुरुआत पुलिस लाइन से हुई। इसके बाद पुलिस बल शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए संवेदनशील इलाकों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन मार्ग और मुख्य बाजारों तक पहुंचा। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मी पैदल और वाहनों के साथ निर्धारित रूट पर निकले। प्रमुख स्थानों पर पुलिस की मौजूदगी ने आम लोगों का ध्यान खींचा। अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और संवेदनशील स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल रहेगा तैनात त्योहारों के दौरान शहर में भीड़ बढ़ने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी की है। संवेदनशील स्थानों पर फिक्स पिकेट्स लगाए जाएंगे, जबकि मोबाइल पेट्रोलिंग टीम लगातार क्षेत्रों में भ्रमण करेगी। जरूरत के अनुसार भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी भी की जाएगी। पुलिस का उद्देश्य किसी भी अप्रिय स्थिति से पहले ही निपटना और कानून-व्यवस्था को बनाए रखना है। सोशल मीडिया पर भी साइबर सेल की नजर त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर अफवाह और भ्रामक संदेश फैलने की आशंका को देखते हुए पुलिस साइबर सेल भी सक्रिय रहेगा। फेसबुक, इंस्टाग्राम, व्हाट्सऐप और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आपत्तिजनक, भ्रामक या माहौल बिगाड़ने वाली पोस्ट और संदेशों की निगरानी की जाएगी। पुलिस ने साफ किया है कि अफवाह फैलाने या जानबूझकर सामाजिक माहौल खराब करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की अपील- अफवाहों पर भरोसा न करें पुलिस ने नागरिकों से त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की है। अधिकारियों ने कहा कि सोशल मीडिया पर आने वाली किसी भी खबर या संदेश को बिना पुष्टि किए आगे शेयर न करें। पुलिस ने नागरिकों से किसी संदिग्ध व्यक्ति, लावारिस वस्तु या असामान्य गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील भी की है। अधिकारियों ने संभाली सुरक्षा व्यवस्था फ्लैग मार्च के दौरान छिंदवाड़ा CSP अभिषेक चौधरी, कोतवाली थाना निरीक्षक आशीष कुमार, देहात थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत, महिला थाना प्रभारी अरुणा वहाने, रक्षित निरीक्षक सहित तीनों थानों का पुलिस बल मौजूद रहा। अधिकारियों ने मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों को सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आवश्यक समझाइश दी और त्योहारों के दौरान सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। त्योहारों से पहले पुलिस का संदेश साफ फ्लैग मार्च के जरिए पुलिस ने एक तरफ आम लोगों में सुरक्षा और भरोसे का संदेश दिया, तो दूसरी तरफ असामाजिक तत्वों को भी सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त बल, मोबाइल पेट्रोलिंग, ड्रोन निगरानी और साइबर सेल की सक्रियता के साथ पुलिस ने त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की पूरी तैयारी की है। देखिए पुलिस की तैयारी… शहर की सड़कों पर कैसे दिखा खाकी का दम
Source link
त्योहारों से पहले छिंदवाड़ा में पुलिस का फ्लैग मार्च:बाजारों और संवेदनशील इलाकों में दिखी भारी पुलिस मौजूदगी, ड्रोन और साइबर सेल से भी निगरानी
