![]()
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन के पुनर्निर्माण कार्य को गति देने के लिए सितंबर के तीसरे सप्ताह से 15 दिन का ब्लॉक लेने की तैयारी है। स्टेशन का पुनर्निर्माण कर रही अहलूवालिया कंपनी ने रेल भूमि विकास प्राधिकरण (आरएलडीए) से ब्लॉक की मांग की है। इसका प्रस्ताव तैयार कर अंबाला मंडल को भेज दिया गया है। अब मंडल की मंजूरी के बाद ब्लॉक की तारीख तय होगी। इस 15 दिन के दौरान स्टेशन के अलग-अलग प्लेटफार्म पर दो-दो दिन का ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान संबंधित प्लेटफार्म से ट्रेनों का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा। प्लेटफार्म के ऊपर से गुजरने वाले फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) के हिस्से पर गार्टर और छत डालने का काम किया जाएगा। निर्माण कार्य के कारण कुछ ट्रेनों को रद्द करने, कुछ के प्लेटफार्म बदलने और जरूरत पड़ने पर उनके संचालन में बदलाव की संभावना है। हर प्लेटफार्म पर 24 घंटे के दो दिन का ब्लॉक रेलवे की योजना के अनुसार प्रत्येक संबंधित प्लेटफार्म पर दो दिन का ब्लॉक लिया जाएगा। यह ब्लॉक लगातार 24-24 घंटे का होगा। जिस प्लेटफार्म पर निर्माण कार्य चल रहा होगा, उस दौरान वहां से किसी ट्रेन का संचालन नहीं किया जाएगा। प्रस्ताव के अनुसार पहले प्लेटफार्म नंबर 1 और 2 पर दो दिन का ब्लॉक लिया जा सकता है। इसके बाद प्लेटफार्म नंबर 3 और 4 तथा 5 और 6 पर भी दो-दो दिन का ब्लॉक प्रस्तावित है। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद संबंधित प्लेटफार्म को अगले दिन ट्रेनों के संचालन के लिए खोल दिया जाएगा। एफओबी पर गार्टर और छत डालने का काम स्टेशन के पुनर्निर्माण के तहत चंडीगढ़ और पंचकूला की तरफ दो नई इमारतों के बीच कॉनकोर्स तैयार किया गया है। यात्रियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए दोनों तरफ के एफओबी को पार्किंग क्षेत्र से जोड़ा जा रहा है। एफओबी के दोनों तरफ पिलर तैयार किए जा चुके हैं। अब इन पिलरों के ऊपर गार्टर और छत डालने का काम किया जाना है। यही काम प्लेटफार्म के ऊपर भी किया जाएगा। इसके लिए प्लेटफार्म को खाली रखना जरूरी होगा, इसलिए रेलवे से अलग-अलग प्लेटफार्म पर ब्लॉक मांगा गया है। पुनर्निर्माण परियोजना के तहत पंचकूला की तरफ एफओबी का ज्यादातर काम पूरा हो चुका है। अब प्लेटफार्म के ऊपर से गुजरने वाले हिस्से का निर्माण बाकी है। चंडीगढ़ की तरफ भी कॉनकोर्स से जुड़े एफओबी का काम चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। निर्माण कंपनी की योजना है कि प्लेटफार्म के ऊपर वाले हिस्से का काम ब्लॉक के दौरान पूरा किया जाए, ताकि स्टेशन के पुनर्निर्माण के इस महत्वपूर्ण हिस्से को जल्द पूरा किया जा सके। मंजूरी के बाद सामने आएगा ट्रेनों का नया शेड्यूल आरएलडीए के अधिकारी के अनुसार कंपनी की ओर से सितंबर में 15 दिन का ब्लॉक मांगा गया है। प्रस्ताव तैयार कर अंबाला मंडल को भेज दिया गया है। मंडल से मंजूरी मिलने के बाद ब्लॉक की अंतिम तारीख तय होगी। इसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किन ट्रेनों को रद्द किया जाएगा और किन ट्रेनों के प्लेटफार्म बदले जाएंगे। रेलवे अधिकारियों के अनुसार यात्रियों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए ट्रेनों के संचालन की वैकल्पिक व्यवस्था तैयार की जा रही है। निर्माण कार्य के दौरान ट्रेनें दूसरे प्लेटफार्म से चलाने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है। कुछ ट्रेनों को अंबाला-घग्घर से चलाने की तैयारी चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन उत्तर भारत के व्यस्त स्टेशनों में शामिल है। रोजाना बड़ी संख्या में यात्री यहां से ट्रेनों में सफर करते हैं। ऐसे में 15 दिन के ब्लॉक के दौरान ट्रेनों के संचालन पर असर पड़ने की संभावना है। रेलवे अधिकारियों की ओर से कुछ ट्रेनों का संचालन अंबाला और घग्घर रेलवे स्टेशन से करने की संभावना पर भी विचार किया जा रहा है। हालांकि अंतिम फैसला ब्लॉक की तारीख और उस दौरान उपलब्ध वैकल्पिक व्यवस्था को देखते हुए लिया जाएगा। रेलवे की योजना के अनुसार ब्लॉक के दौरान एक समय में संबंधित प्लेटफार्म को ही पूरी तरह बंद रखा जाएगा। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद उसे अगले दिन ट्रेनों के संचालन के लिए खोल दिया जाएगा। इससे पूरे स्टेशन को एक साथ बंद करने की जरूरत नहीं पड़ेगी और ट्रेनों के संचालन को चरणबद्ध तरीके से जारी रखा जा सकेगा। रेलवे का प्रयास है कि निर्माण कार्य के कारण यात्रियों को कम से कम परेशानी हो। इसी वजह से ट्रेनों के समय, प्लेटफार्म और जरूरत पड़ने पर उनके प्रारंभिक या अंतिम स्टेशन में बदलाव की योजना तैयार की जा रही है। मंजूरी के बाद जारी होगी पूरी जानकारी फिलहाल 15 दिन के ब्लॉक का प्रस्ताव अंबाला मंडल के पास भेजा गया है। मंडल की मंजूरी मिलने के बाद ब्लॉक की तारीख और अवधि अंतिम रूप से तय होगी। इसके बाद रेलवे की ओर से ट्रेनों के रद्द होने, प्लेटफार्म बदलने या दूसरे स्टेशनों से संचालन की पूरी जानकारी जारी की जाएगी।
Source link
चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर बदलेंगे ट्रेनों के प्लेटफार्म:कॉनकोर्स से जुड़े एफओबी पर गार्टर-छत डालने का काम होगा, 15 दिन का ब्लॉक
