![]()
मेरठ के लालकुर्ती पैंठ बाजार में दुकानों से लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच एक महिला चोर को दबोचकर पुलिस को सौंपा गया है। महिला दुकानों में ग्राहक बनकर पहुंचती थी और मौका मिलते ही सामान पर हाथ साफ कर देती थी। एक दुकान से तीन जोड़ी लेडीज सूट चोरी होने की शिकायत के बाद दुकानदार तलाश में जुट गए। दुकानदारों ने महिला को दबोच लिया। सामान की तलाशी ली गई तो उसके पास से ना केवल सूट बल्कि अन्य दुकानों के सामान भी बरामद हो गए। लालकुर्ती थाना प्रभारी हरेंद्र पाल सिंह के मुताबिक, 25 अगस्त को बकरी मोहल्ला निवासी उमंग पुत्र रमेश कुमार कौशल की लालकुर्ती बाजार स्थित दुकान से तीन जोड़ी लेडीज सूट चोरी हो गए थे। दुकानदारों को शक हुआ तो उन्होंने एक महिला का पीछा कर उसे पकड़ लिया। उसके पास एक बैग था, जिसे दुकानदार छीनकर उमंग की दुकान पर पहुंच गए। सामान की तलाशी ली गई तो उसमें ना केवल उमंग की दुकान से चोरी कपड़े थे बल्कि अन्य कई दुकानों से चुराया गया सामान भी था। इसके बाद पुलिस को बुलाकर महिला को उनकी सुपुर्दगी में दे दिया गया। कपड़े समेत काफी सामान बरामद
पूछताछ में महिला ने अपना नाम रेखा पत्नी स्वर्गीय राहुल निवासी चूड़ियों वाली गली, गोल मार्केट, बस अड्डे के पास, कोतवाली गाजियाबाद बताया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी किए गए तीनों जोड़ी सूट बरामद कर लिए। इसके अलावा तलाशी में परफ्यूम, आर्टिफिशियल ज्वैलरी, बिंदी, लिपस्टिक समेत अन्य सामान भी मिला। पुलिस अब बरामद सामान के बारे में भी जानकारी जुटा रही है कि वह किन दुकानों से चोरी किया गया था। पैंठ बाजार में पहले भी हो चुकी हैं चोरी
पुलिस के मुताबिक, पैंठ बाजार में पिछले काफी समय से चोरी की शिकायतें सामने आ रही थीं। भीड़भाड़ का फायदा उठाकर महिलाओं और अन्य लोगों के सामान पर हाथ साफ करने की घटनाएं भी पुलिस के संज्ञान में आई थीं, लेकिन किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हो पा रही थी। इस बार दुकान से चोरी की शिकायत मिलते ही पुलिस ने सीसीटीवी को जांच का आधार बनाया और कुछ ही समय में आरोपी महिला तक पहुंच गई। अकेली नहीं थी रेखा, साथियों की तलाश
पुलिस को शक है कि रेखा अकेले चोरी की वारदातों को अंजाम नहीं देती थी। उसके साथ कुछ अन्य महिलाएं या साथी भी शामिल हो सकते हैं। पूछताछ और बरामद सामान के आधार पर पुलिस उसके संभावित साथियों की जानकारी जुटा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि रेखा पहले ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के माधवपुरम सेक्टर-चार में भी रह चुकी है। उसके पुराने ठिकानों और संपर्कों के बारे में भी जानकारी की जा रही है। गुरुवार को न्यायालय में पेश होगी महिला
एसओ हरेंद्र पाल सिंह का कहना है कि आरोपी महिला को गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि उसने लालकुर्ती और आसपास के बाजारों में कितनी अन्य चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और उसके गैंग में और कितने लोग हैं।
Source link
पैंठ बाजार में चोरी करने वाली महिला को दबोचा:महिला के पास से चोरी का माल बरामद, गाजियाबाद की है रहने वाली, मुकदमा दर्ज
