![]()
जालौन के कदौरा थाना क्षेत्र के चतेला गांव में बुधवार रात सांप के डसने से एक ही परिवार के 5 वर्षीय बच्चे और उसकी नानी की मौत हो गई। हादसे में बच्चे का मामा गंभीर रूप से घायल है, जिसे उरई मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। रक्षाबंधन के पर्व पर हुई घटना से परिवार में कोहराम मच गया और गांव में मातम छा गया। मामा के घर रक्षाबंधन मनाने आया था बच्चा आटा थाना क्षेत्र के गढ़ा गांव निवासी आकाश कुशवाहा का 5 वर्षीय बेटा प्रियांशु अपनी मां लक्ष्मी के साथ रक्षाबंधन मनाने चतेला गांव स्थित अपने मामा के घर आया था। बुधवार रात प्रियांशु अपने मामा पवन पुत्र राजू के साथ सो रहा था। बारिश के बाद बिल से निकला सांप बताया गया कि बारिश के कारण बिल से बाहर निकले सांप ने सोते समय प्रियांशु और पवन को डस लिया। इसके बाद सांप ने पास में रहने वाली प्रियांशु की नानी देवकी पत्नी गजाधर (52) को भी डस लिया। एक साथ तीन लोगों को सर्पदंश की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। इलाज के दौरान बच्चे और नानी की मौत परिजन तीनों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे। इलाज के दौरान प्रियांशु और उसकी नानी देवकी की मौत हो गई। वहीं, पवन की हालत गंभीर होने पर उसे उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं एक ही परिवार के तीन लोगों को सांप के डसने और दो की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रक्षाबंधन पर घर में खुशियों का माहौल था, लेकिन हादसे के बाद पूरा परिवार सदमे में है। पुलिस को नहीं मिली औपचारिक सूचना कदौरा थाना प्रभारी निरीक्षक परमेंद्र सिंह ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है, लेकिन परिजनों की ओर से अभी तक पुलिस को कोई औपचारिक सूचना नहीं दी गई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तीनों को उपचार के लिए हमीरपुर ले जाया गया था।
Source link
सांप के डसने से नानी और मासूम नाती की मौत:मामा की हालत गंभीर, उरई मेडिकल कॉलेज में भर्ती
