Headlines

पलामू में पिकअप ने बच्ची को मारी टक्कर, मौत:जलयात्रा के दौरान हादसा, आक्रोशितों ने मुआवजे की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम




पलामू जिले के हरिहरगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से 10 वर्षीय स्वीटी कुमारी की मौत हो गई। यह घटना कौवाखोह स्थित मधुबन होटल के समीप एनएच-139 पर हुई। मृत बच्ची पिरोजी गांव निवासी मुकेश राम की पुत्री थी। श्रावण पूर्णिमा के अवसर पर बांसों-पिरोजी गांव से श्रद्धालु जल यात्रा निकाल रहे थे। यात्रा में शामिल लोग कटैया-बटाने नदी से जल लेकर सैकड़ों श्रद्धालुओं के साथ वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। हरिहरगंज की ओर से छतरपुर जा रहे पिकअप ने जल यात्रा में शामिल स्वीटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बच्ची सड़क से दूर जा गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गई। जल यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं और आसपास के लोगों ने तत्काल घायल बच्ची को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. राजेश कुमार ने जांच के बाद बच्ची को मृत घोषित कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पिकअप काफी तेज गति से आ रहा था। लोगों ने चालक को वाहन रोकने का इशारा भी किया, लेकिन उसने वाहन नहीं रोका। हादसे के बाद आक्रोशित लोगों ने वाहन को रोककर चालक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने चालक को भीड़ से बचाकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा। घटना से आक्रोशित लोगों ने मुआवजे की मांग को लेकर नेशनल हाईवे जाम कर दिया। इस दौरान कई राजनीतिक दलों के नेता, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। सूचना मिलने पर अंचलाधिकारी (सीओ) और थाना प्रभारी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने लोगों को समझाकर जाम हटवाया, जिसके बाद लगभग तीन घंटे बाद आवागमन बहाल हो सका।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *