Headlines

पत्नी ने बॉयफ्रेंड संग मिलकर की पति की हत्या:राजनांदगांव में अंधे कत्ल का खुलासा, पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार




राजनांदगांव पुलिस ने चिचोला के ग्राम महाराजपुर में एनएच-53 के पास गड्ढे में मिले युवक के शव के मामले में मृतक की पत्नी और उसके बॉयफ्रेंड को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, युवक की मौत सड़क हादसे में नहीं हुई थी, बल्कि उसकी हत्या की गई थी। आरोपियों ने हत्या को सड़क हादसा दिखाने की कोशिश की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। अब जानिए पूरा मामला यह मामला 10 अगस्त की रात का है, जब ग्राम रामपुर निवासी ओमप्रकाश साहू ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनके भाई प्रेमलाल साहू महाराजपुर में भारत पेट्रोल पंप के पास सड़क किनारे गंभीर हालत में मिले थे। उनके चेहरे, नाक और माथे पर चोट के निशान थे। पास में खून से सना एक बड़ा पत्थर भी मिला था। इलाज के दौरान प्रेमलाल की मौत हो गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा और अनुविभागीय अधिकारी केसरीनंदन नायक के मार्गदर्शन में चिचोला पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की। चौकी प्रभारी निरीक्षक योगेश पटेल और उनकी टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। गवाहों के बयान, मोबाइल सीडीआर और लोकेशन जैसे तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का संदेह मृतक की पत्नी गंगोत्री साहू (27 वर्ष) और उसके परिचित नरबद साहू (40 वर्ष), निवासी ग्राम पटपर पर गहराया। कड़ाई से पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी गंगोत्री और आरोपी नरबद साहू के बीच अवैध संबंध थे। यह हत्या इन्हीं संबंधों और आपसी विवादों का परिणाम थी। मृतक प्रेमलाल अक्सर अपनी पत्नी के साथ गाली-गलौच करता था और उसे घर से निकालने की धमकी देता था। इसके अतिरिक्त, आरोपी नरबद साहू द्वारा मृतक को दिए गए पैसों की वापसी को लेकर भी उनके बीच विवाद चल रहा था। इन्हीं रंजिशों के चलते दोनों आरोपियों ने योजना बनाई। उन्होंने प्रेमलाल के सिर पर भारी पत्थर से वार कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद, शव को एनएच-53 के किनारे फेंक दिया गया ताकि यह मामला एक सामान्य सड़क दुर्घटना लगे और पुलिस को गुमराह किया जा सके। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1), 238 और 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *