![]()
कपूरथला में फतूढींगा थाना क्षेत्र के गांव देसल से 14 दिन पहले लापता हुए 20 वर्षीय युवक अमनदीप सिंह का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में गांव के ही दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की निशानदेही पर खेत में दबाया गया शव बरामद किया गया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए मंसूरवाल स्थित मोर्चरी में रखवाया गया है। पुलिस जांच के अनुसार अमनदीप सिंह 14 अगस्त को घर से लापता हो गया था। इससे पहले उसने फतूढींगा के एक बैंक से दो बार में कुल 50 हजार रुपये निकाले थे। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिलने पर परिजनों ने फतूढींगा थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी। दो युवकों के देखा गया था मृतक जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि अमनदीप को आखिरी बार गांव के ही दो युवकों के साथ देखा गया था। दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उन्होंने चौंकाने वाला खुलासा किया। आरोपियों ने बताया कि वे अमनदीप को नशा करने के लिए खेत में ले गए थे। नशा करने के बाद वह बेहोश हो गया, जिसके बाद वे उसे वहीं छोड़कर घर लौट आए। अगले दिन वापस आने पर उन्होंने अमनदीप को मृत पाया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि घटना छिपाने के लिए उन्होंने शव को खेत में पहले से खुदे गड्ढे में दबा दिया और ऊपर घास डाल दी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर शव बरामद किया, जो काफी समय तक दबा रहने के कारण सड़ी-गली अवस्था में मिला। पुलिस को मिला 3 दिन का रिमांड थाना फतूढींगा के एसआई दिलबाग सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर तीन दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। उन्होंने कहा कि अमनदीप के पास 50 हजार रुपये होने की बात सामने आई है, लेकिन रकम के संबंध में अभी कोई ठोस जानकारी नहीं मिली है। मामले की हर पहलू से जांच जारी है। मृतक अमनदीप अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके पिता ड्राइवर हैं, जबकि वह मजदूरी कर परिवार का सहारा बन रहा था। घटना से पूरे गांव में शोक का माहौल है और ग्रामीणों ने नशे के बढ़ते प्रकोप पर चिंता जताई है।
Source link
14 दिन बाद खेत में दबा मिला युवक का शव:कपूरथला में पुलिस ने दो युवक पकड़े; नशे के बाद मौत का खुलासा
