Headlines

नरवाना में डीसी ने किया ग्रामीणों से जनसंवाद:रात्रि ठहराव कार्यक्रम में पहुंचे, 47 लोगों ने दर्ज कराई शिकायत, निस्तारण के निर्देश




जींद जिला प्रशासन की ओर से उपमंडल नरवाना के गांव रसीदां में रात्रि ठहराव कार्यक्रम का आयोजन किया। ग्राम सचिवालय में हुए इस कार्यक्रम में उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा और पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया। उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं और शिकायतों को सुना। कार्यक्रम के दौरान, जिला प्रशासन के विभिन्न विभागों ने अलग-अलग स्टॉल लगाए। इन स्टॉलों के माध्यम से ग्रामीणों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी प्रदान की गई। रात्रि ठहराव कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उपायुक्त के समक्ष कुल 47 शिकायतें और समस्याएं दर्ज कराईं। इनमें मुख्य रूप से बुढ़ापा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, परिवार पहचान पत्र में आय वृद्धि, आधार कार्ड व मतदाता पहचान पत्र में संशोधन और बिजली से संबंधित मामले शामिल थे। उपायुक्त ने दिए समस्याओं के समाधान के निर्देश उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने मौके पर ही शिकायतों की जांच की और जहाँ संभव था, उनका तत्काल समाधान किया। शेष आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया। उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने बताया कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रशासन को गांवों तक पहुंचाना और ग्रामीणों को उनके घर पर ही सरकारी सेवाएँ उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि इस पहल से ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार जिला या उपमंडल कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। आमजन से होता है सीधा संवाद : उपायुक्त उन्होंने कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से प्रशासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है। साथ ही, अधिकारियों को जमीनी स्तर पर लोगों की वास्तविक समस्याओं को समझने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने बताया कि सरकार के निर्देशानुसार जिला प्रशासन द्वारा विभिन्न विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने तथा उनकी शिकायतों का त्वरित समाधान करने के निर्देश दिए गए हैं। उपायुक्त ने ग्रामीणों का आह्वान किया कि वे सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी दें। ग्राम पंचायत ने विकास कार्यों की रखी मांग ग्राम पंचायत ने उपायुक्त के समक्ष सामुदायिक केंद्र का निर्माण, स्टेडियम का सौंदर्यीकरण एवं जिम हॉल का निर्माण, तालाब एवं फिरनी का सौंदर्यीकरण, स्वागत गेट का निर्माण, स्कूल व स्टेडियम में बच्चों के लिए स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था तथा पार्क का निर्माण करवाने की मांग रखी। इस पर उपायुक्त डॉ. वैशाली शर्मा ने ग्राम पंचायत को आश्वासन दिया कि विभागीय नॉर्म्स पूरा करने वाली मांगों को मुख्यालय भेजा जाएगा और नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। नशे के खिलाफ ग्रामीणों की भागीदारी जरूरी : एसपी पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने कहा कि रसीदां सहित पंजाब सीमा से लगते गांवों में पहले नशे की समस्या चिंता का विषय रही है, लेकिन अब ग्रामीणों में नशे के खिलाफ जागरूकता लगातार बढ़ रही है। पुलिस प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे नशा मुक्ति अभियान में सरपंच, ग्राम पंचायत और ग्रामीण भी पूरा सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें समाज के प्रत्येक व्यक्ति की भागीदारी आवश्यक है। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रात्रि ठहराव कार्यक्रम के दौरान पुलिस विभाग से संबंधित एक भी शिकायत प्राप्त नहीं होना संतोषजनक बात है। इससे संकेत मिलता है कि पुलिस चौकी प्रभारी, थाना प्रभारी तथा पुलिस उपअधीक्षक स्तर के अधिकारी बेहतर ढंग से कार्य कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से भविष्य में भी पुलिस प्रशासन को सकारात्मक सहयोग जारी रखने का आह्वान किया। पौधारोपण कर दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने जिला प्रशासन द्वारा गांव में पहुंचकर उनकी समस्याएं सुनने के लिए आभार जताया। ग्रामीणों ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से उन्हें सरकारी अधिकारियों के साथ सीधा संवाद करने का अवसर मिलता है और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान संभव हो पाता है। कार्यक्रम से पहले उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, एसडीएम नरवाना सहित तमाम अधिकारियों ने ग्राम सचिवालय परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत की ओर से मुख्य अतिथियों सहित अन्य अधिकारियों का शॉल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर स्वागत किया गया। इस अवसर पर एडीसी प्रदीप कुमार, एसडीएम नरवाना जगदीश चंद्र, डीएसपी नरवाना कमलदीप राणा, डीडीपीओ संदीप भारद्वाज, तहसीलदार विजय कुमार, सीडीपीओ तरुण सुथार, डीईओ संतोष शर्मा, ईओ राकेश कुमार, ग्राम सचिव सुभाष चंद्र, जयपाल ढोबी, सरपंच हरपाल सिंह, नरेश सैनी, गुरलाल रसींदा सहित अन्य अधिकारी, कर्मचारी, गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *