लड़के की मां सरोज देवी, जिसकी हत्या कर दी गई।
मोहाली के कुराली में बहन की लव मैरिज का विरोध कर रहे युवक ने उसके बॉयफ्रेंड के घर में घुसकर चाकू से हमला कर दिया। आरोपी ने पहले लड़के की मां पर चाकू से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
.
पत्नी को बचाने आए लड़के के पिता के पेट में भी चाकू लग गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 4 के भीतर आरोपी सोनू कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में वारदात के पीछे बहन की लव मैरिज का विरोध सामने आया है।
एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि
वारदात 28 अगस्त को दोपहर करीब 12:30 बजे कुराली के वार्ड नंबर-13 स्थित बडाली रोड पर हुई। आरोपी अचानक चाकू लेकर घर में घुसा और 45 वर्षीय सरोज देवी पर हमला कर दिया। उन्हें बचाने की कोशिश में उसके पति ओम नाथ राय के पेट में भी चाकू लगा। गंभीर हालत में उन्हें मोहाली के सिविल अस्पताल फेज-6 में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।


महिला की हत्या के 4 घंटे बाद ही पुलिस ने आरोपी सोनू कुमार को गिरफ्तार।
लव मैरिज की बात सुन लड़के के घर पहुंचा
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी सोनू कुमार (25) की बहन ओम नाथ के बेटे बिट्टू से अपनी मर्जी से प्रेम विवाह करना चाहती थी। सोनू इस अंतर्जातीय या प्रेम संबंध के सख्त खिलाफ था और लगातार इस रिश्ते का विरोध कर रहा था। 28 अगस्त को जैसे ही सोनू को भनक लगी कि उसकी बहन शादी करने जा रही है, वह गुस्से से आगबबूला हो गया।
बाजार से धारदार चाकू खरीदकर सीधे बिट्टू के घर पहुंच गया और वहां मौजूद उसके माता-पिता को अपना निशाना बना डाला। अस्पताल में उपचाराधीन घायल ओम नाथ के बयानों के आधार पर थाना सिटी कुराली में आरोपी सोनू कुमार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109 (हत्या का प्रयास) और 103 (हत्या) जैसी गंभीर व गैर-जमानती धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
4 घंटे में अरोपी दबोचा, 1 दिन का रिमांड मिला
हत्या की इस गंभीर वारदात के बाद इलाके में तनाव फैल गया था। आरोपी को पकड़ने के लिए एसपी (रूरल) जसपिंदर सिंह की सीधी निगरानी और डीएसपी खरड़-2 (मुल्लांपुर) हरकीरत सिंह के दिशा-निर्देशों में थाना सिटी कुराली के मुख्य अधिकारी इंस्पेक्टर हर्ष मोहन गौतम की अगुवाई में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया।
पुलिस टीम ने तकनीकी इनपुट्स और गुप्त सूचनाओं के आधार पर जाल बिछाकर वारदात के महज 4-5 घंटे के भीतर ही भागने की फिराक में घूम रहे आरोपी सोनू कुमार को धर दबोचा। पुलिस ने आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे आगे की पूछताछ और वारदात में इस्तेमाल हथियार की बरामदगी के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है।
*************
ये खबर भी पढ़ें:
अमृतसर में निहंग की गोली मारकर हत्या: छाती-हाथ पर मिले निशान, रक्खण पुण्या मेले में आया था; मां बोली- इकलौता सहारा था

अमृतसर में 21 साल के निहंग की गोली मारकर हत्या कर दी गई। निहंग की लाश बाबा बकाला के सिविल अस्पताल के पीछे सुनसान इलाके से मिली। उसकी छाती और हाथ पर गोलियों के निशान दिखे। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गए। निहंग शुक्रवार को रक्खण पुण्या मेले में शामिल होने आया था। (पढ़ें पूरी खबर)
