Headlines

उकलाना विधायक ने बाजरा MSP पर सरकार को घेरा:बोले-MSP ₹2900, मंडियों में ₹2000 भाव मिल रहा; घोषणाओं से नहीं चलेगा काम




हिसार जिले के उकलाना से कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने भाजपा सरकार पर किसानों के साथ वादाखिलाफी करने और उनकी फसलों का उचित मूल्य नहीं दिलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सरकार बाजरा की खरीद ₹2,900 प्रति क्विंटल एमएसपी पर करने का दावा कर रही है, जबकि दूसरी ओर मंडियों में किसानों को करीब ₹2,000 प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है। इससे किसानों को प्रति क्विंटल लगभग ₹900 का नुकसान उठाना पड़ रहा है। विधायक ने कहा कि सरकार के दावों और मंडियों में किसानों को मिल रहे वास्तविक भाव में भारी अंतर दिखाई दे रहा है। यदि किसान को घोषित न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिलता तो एमएसपी की घोषणा का कोई औचित्य नहीं रह जाता। उन्होंने कहा कि किसान अपनी फसल तैयार करने में महीनों मेहनत करता है, लेकिन मंडी में उचित भाव नहीं मिलने से उसकी पूरी मेहनत पर पानी फिर जाता है। बिजाई से बिक्री तक परेशान किसान नरेश सेलवाल ने कहा कि किसान पहले ही बढ़ती महंगाई और खेती की लागत से परेशान है। बिजाई के समय किसानों को खाद और दवाइयों के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ता है और कई बार पर्याप्त मात्रा में खाद-दवाइयां उपलब्ध नहीं हो पातीं। वहीं फसल तैयार होने के बाद उसे बेचने के लिए मंडी पहुंचने पर उचित भाव नहीं मिलता। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान को खेती के हर चरण में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि किसानों को उनकी फसल का घोषित एमएसपी वास्तविक रूप से मिले। केवल सरकारी घोषणाओं और कागजों में एमएसपी सुनिश्चित करने से किसानों की समस्या का समाधान नहीं होगा। मंडियों में एमएसपी की प्रभावी निगरानी की मांग विधायक ने भाजपा सरकार से मांग की कि बाजरा की खरीद ₹2,900 प्रति क्विंटल एमएसपी पर सुनिश्चित की जाए और मंडियों में खरीद प्रक्रिया की प्रभावी निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि किसानों को घोषित एमएसपी से कम कीमत पर फसल बेचने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। नरेश सेलवाल ने कहा कि भाजपा सरकार को किसान विरोधी रवैया छोड़कर किसानों के हित में ठोस कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसानों की मेहनत और उनकी फसल का उचित एवं लाभकारी मूल्य सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कांग्रेस पार्टी किसानों की समस्याओं और उनके अधिकारों को लेकर लगातार आवाज उठाती रहेगी।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *