Headlines

धमतरी में दही हांडी उत्सव को लेकर विवाद खत्म:घड़ी चौक पर श्रीराम हिंदू संगठन, निगम और सर्व समाज मिलकर करेंगे आयोजन




धमतरी शहर के घड़ी चौक पर इस बार भव्य दही हांडी उत्सव होगा। दही हांडी के आयोजन को लेकर श्री राम हिंदू संगठन और नगर निगम के बीच चल रहा विवाद अब सुलझ गया है। अब यह कार्यक्रम श्री राम हिंदू संगठन, नगर निगम और सर्व हिंदू समाज मिलकर आयोजित करेंगे। पिछले करीब 12 साल से श्री राम हिंदू संगठन घड़ी चौक पर दही हांडी उत्सव कर रहा था। इस बार नगर निगम ने भी इसी जगह कार्यक्रम कराने की घोषणा की थी। इसे लेकर संगठन के सदस्यों ने निगम कार्यालय पहुंचकर विरोध किया था और धरने पर बैठ गए थे। विवाद के बाद निगम आयुक्त ने एसडीएम से चर्चा कर दोनों पक्षों के बीच समन्वय स्थापित करने की बात कही थी। अब, सर्व हिंदू समाज, श्री राम हिंदू संगठन और नगर निगम के बीच समझौता हो गया है और घड़ी चौक पर ही दही हांडी उत्सव कराने पर सहमति बनी है। बैठक में दही हांडी और झांकी प्रतियोगिता पर चर्चा रविवार को हुई बैठक में दही हांडी उत्सव के साथ गणेश स्थल की सजावट और झांकी प्रतियोगिता को लेकर भी चर्चा हुई। कार्यक्रम को बेहतर तरीके से कराने के लिए नगर निगम जरूरी व्यवस्थाएं करेगा। बैठक में विभिन्न हिंदू संगठनों और समाज के प्रतिनिधियों ने कार्यक्रम में सहयोग देने की बात कही। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि नगर निगम विकास कार्यों के साथ धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों को भी बढ़ावा देता रहेगा। उन्होंने सभी संगठनों से आपसी तालमेल और भाईचारे के साथ आयोजन को सफल बनाने की अपील की। वहीं, श्री राम हिंदू संगठन के संयोजक प्रवीण साहू ने कहा कि संगठन पिछले कई वर्षों से दही हांडी उत्सव का आयोजन करता आ रहा है और आगे भी मुख्य आयोजक की भूमिका में रहेगा। नगर निगम इसमें सहयोगी के तौर पर शामिल होगा। उन्होंने कहा कि संगठन और निगम के तालमेल से इस बार कार्यक्रम को और भव्य बनाने की तैयारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *