![]()
लातेहार थाना क्षेत्र के आरागुंडी गांव में शुक्रवार को रेलवे लाइन सर्वे को लेकर ग्रामीणों के दो गुटों में विवाद हो गया। डीवीसी से कोयला परिवहन के लिए प्रस्तावित रेलवे लाइन बिछाने के सर्वे के दौरान यह घटना हुई। विवाद बढ़ने पर कुछ ग्रामीणों ने सर्वे करने पहुंची टीम को एक घंटे तक बंधक बना लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और करीब डेढ़ से दो घंटे की मशक्कत के बाद सर्वे टीम को ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया। सर्वे कार्य को लेकर दो गुटों में बंटा गांव जानकारी के अनुसार, गांव रेलवे लाइन के सर्वे कार्य को लेकर दो गुटों में बंटा हुआ है। एक पक्ष रेलवे लाइन बिछाने का समर्थन कर रहा है, जबकि दूसरा पक्ष ग्रामसभा की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार के सर्वे या निर्माण कार्य का विरोध कर रहा है। सर्वे टीम को छुड़ाने के दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। विवाद बढ़ने पर लाठी-डंडे भी चले, जिसमें ग्राम प्रधान पीतांबर यादव घायल हो गए। रेलवे लाइन के समर्थन में नंदकिशोर यादव, जितेंद्र यादव और पीतांबर यादव सहित अन्य ग्रामीणों ने कहा कि यह केवल सर्वे का कार्य है और इसे पूरा होने दिया जाना चाहिए। सर्वे बिना ग्रामसभा की सहमति के कराया जा रहा था: ग्रामीण उन्होंने आश्वासन दिया कि आगे का निर्णय गांव के सभी लोगों की सहमति से लिया जाएगा। वहीं, सर्वे का विरोध कर रहे सुरेंद्र उरांव, शिवनाथ उरांव, विजय उरांव, जीतन उरांव, मंगलदेव उरांव, उर्मिला देवी, राजेश उरांव और सरिता सेवी समेत अन्य ग्रामीणों ने बताया कि गांव में पारंपरिक पड़हा राजा व्यवस्था लागू है। उन्होंने कहा कि ग्रामसभा की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का सर्वे या ड्रोन से मापी का कार्य नहीं होने दिया जाएगा। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सर्वे बिना किसी पूर्व सूचना और ग्रामसभा की सहमति के कराया जा रहा था।
वाहन के गिरने के कारण युवक हुआ घायल इधर, जब पुलिस सर्वे टीम को छुड़ाकर लौट रही थी, उसी दौरान एक युवक सुरेंद्र उरांव ने पुलिस वाहन को रोकने का प्रयास किया। इस दौरान वह गिर कर घायल हो गया। युवक के घायल होने की सूचना मिलते ही दूसरे पक्ष के ग्रामीण आक्रोशित हो गए और दो पुलिसकर्मियों को भी कुछ देर के लिए घेरकर रोक लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया। इधर, एसडीपीओ संदीप कुमार गुप्ता ने कहा कि रेलवे लाइन सर्वे को लेकर दो गुटों में झड़प हुई है। पुलिस मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच कर रही है। जल्दी मामले को सुलझा लिया जाएगा।
Source link
रेलवे लाइन सर्वे पर विवाद, दो गुटों में झड़प:लातेहार में ग्रामीणों ने सर्वे टीम को बनाया बंधक, गांव में भारी पुलिस बल करना पड़ा तैनात
