Headlines

उन्नाव में डीएम-एसएसपी ने बाढ़ प्रभावित इलाके का किया निरीक्षण:जिलाधिकारी ने कहा- आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी संसाधनों को तैयार रखें




उन्नाव में गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शुक्रवार दोपहर जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने अधिकारियों के साथ थाना फतेहपुर चौरासी क्षेत्र के ग्राम दबोली स्थित बाढ़ प्रभावित इलाके का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाढ़ की मौजूदा स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों की प्रगति और प्रशासनिक तैयारियों का गहनता से जायजा लिया। निरीक्षण में अपर जिलाधिकारी सुशील कुमार और सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सफीपुर दीपक यादव भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने संबंधित विभागों से जानकारी ली और राहत कार्यों की समीक्षा की। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रखी जाए। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी आवश्यक संसाधनों को तैयार रखने और राहत एवं बचाव कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने पर जोर दिया। उन्होंने प्रभावित लोगों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने पुलिस अधिकारियों को बाढ़ प्रभावित गांवों में लगातार गश्त करने और स्थानीय प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया। उन्होंने लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्थानीय ग्रामीणों से भी बातचीत की और उनकी समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्हें जलस्तर बढ़ने या किसी अन्य आपात स्थिति की सूचना तत्काल प्रशासन या पुलिस को देने के लिए कहा गया। प्रशासन ने लोगों से विशेष सतर्कता बरतने, बच्चों और बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने तथा नदी किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचने की भी अपील की। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है और किसी भी चुनौती से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *