Headlines

भास्कर अपडेट्स:ताहिर हुसैन ने अंकित शर्मा मर्डर केस में हुई उम्रकैद की सजा को दिल्ली हाईकोर्ट में दी चुनौती




दिल्ली में 2020 के दंगों के दौरान आईबी अफसर अंकित शर्मा हत्याकांड मामले में दोषी ठहराए गए AAP के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन ने अपनी सजा और उम्रकैद के फैसले को चुनौती देते हुए दिल्ली हाईकोर्ट में अपील दायर की है। हाईकोर्ट ताहिर की अपील पर आने वाले हफ्ते में सुनवाई कर सकता है। ताहिर हुसैन ने अपनी अपील में दलील दी है कि उसके खिलाफ जांच शुरू से ही पक्षपाती रही है और इसका मकसद जनता का गुस्सा शांत करने के लिए उन्हें फंसाना था। अपील के मुताबिक, FIR की तारीख और समय असल घटना के बाद का दिखाया गया है। 6 मार्च 2020 तक अपीलकर्ता की किसी दूसरे मामले में गिरफ्तारी के बाद तक कोई ठोस जांच नहीं की गई। आज की अन्य बड़ी खबरें… मेघालय में यूरेनियम की खोज नहीं की जा सकेगी, विधानसभा में प्रस्ताव पास मेघालय विधानसभा ने बुधवार को राज्य में यूरेनियम की खोज और माइनिंग के खिलाफ प्रस्ताव पास किया। विधानसभा ने CM कॉनराड संगमा के पेश किए गए और सभी 60 विधायकों के समर्थन वाले इस प्रस्ताव को पास कर दिया। इस प्रस्ताव में केंद्र सरकार, परमाणु ऊर्जा विभाग और यूरेनियम कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड (UCIL) से आग्रह किया गया कि वे मेघालय में यूरेनियम माइनिंग का कोई भी काम न तो शुरू करें और न ही उसे आगे बढ़ाएं। लखनऊ से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बम की धमकी, जांच में फर्जी निकली लखनऊ से बेंगलुरु जा रही इंडिगो की फ्लाइट को बेंगलुरु पहुंचने से पहले बम की धमकी मिली। विमान सुरक्षित लैंड हुआ और सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत सभी यात्रियों को बाहर निकाल लिया गया। CISF और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने विमान की पूरी जांच की। जांच में बम की धमकी फर्जी निकली। इसके बाद विमान को दोबारा उड़ान भरने की मंजूरी दे दी गई। खड़गे बोले- BJP महंगाई रोकने में नाकाम, प्याज के दाम 59% बढ़े, जनता माफ नहीं करेगी कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भाजपा सरकार पर महंगाई रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार को 12 साल हो गए हैं, लेकिन अच्छे दिन नहीं आए। एक साल में प्याज की कीमतें 59% बढ़ी हैं, जबकि चीनी ₹60-70 और सरसों का तेल करीब ₹200 किलो पहुंच गया है। खड़गे ने कहा कि खाने-पीने की चीजों की महंगाई 5.52% और थोक महंगाई 9.78% हो गई है। उन्होंने कहा कि सरकार के 12 साल पूरे होने के बावजूद आम लोगों का बजट बिगड़ रहा है और जनता इसे माफ नहीं करेगी। जम्मू में NCB ने करोड़ों रुपए की हेरोइन पकड़ी, 3 गिरफ्तार NCB ने जम्मू में एक बड़े अंतरराष्ट्रीय हेरोइन तस्करी नेटवर्क को पकड़ा। कार्रवाई में 5.16 किलो हेरोइन बरामद हुई और तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। इनमें नेटवर्क का कथित मास्टरमाइंड भी शामिल है, जिसे लद्दाख के लेह से पकड़ा गया। NCB के मुताबिक, हेरोइन पाकिस्तान से जम्मू-कश्मीर के उरी सेक्टर के रास्ते भारत लाई गई थी। जांच में तस्करी से जुड़े सप्लायर, पैसा, ट्रांसपोर्टर और अन्य लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। एजेंसी ने लोगों से नशे की तस्करी की सूचना हेल्पलाइन MANAS (1933) पर देने की अपील की है। दिल्ली रेस क्लब को राहत नहीं, 15 दिन में खाली करना होगा पटियाला हाउस कोर्ट ने दिल्ली रेस क्लब के खिलाफ जारी 15 दिन के बेदखली नोटिस पर रोक लगाने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने क्लब की अंतरिम राहत की याचिका खारिज कर दी। मामले में अगली सुनवाई 26 सितंबर को होगी। केंद्र सरकार ने कहा कि क्लब का लीज 1994 के बाद से नवीनीकृत नहीं हुआ है और उसे जवाब देने के कई मौके दिए गए थे। क्लब ने इसका विरोध करते हुए कहा कि वह किराया देता रहा है और लीज खत्म नहीं हुई। कोर्ट ने क्लब की दलील को स्वीकार नहीं किया। गुजरात के कच्छ में नकली शराब की 10 हजार बोतलें जब्त गुजरात के भावनगर में जहरीली शराब पीने से 13 लोगों की मौत के बाद, पुलिस ने कच्छ में नकली शराब की एक फैक्टरी पकड़ी है। पुलिस ने देश में बनी विदेशी शराब के लेबल वाली लगभग 10,000 खाली और भरी हुई बोतलें जब्त की हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है। गुजरात ड्राई स्टेट है। यहां शराब बनाने, बेचने और पीने पर रोक है। IIT दिल्ली स्टूडेंट्स मौत केस, जांच कमेटी अध्यक्ष ने पद छोड़ा, स्टूडेंट्स की मेंटल हेल्थ सेल बनाने की मांग IIT दिल्ली के छात्र ऋषिकेश कुमार की मौत की जांच के लिए बनाई गई समिति के अध्यक्ष और उत्तराखंड के पूर्व DGP अशोक कुमार ने खुद को समिति से अलग कर लिया है। उन्होंने इसके पीछे पहले से तय जिम्मेदारियों का हवाला दिया है। अब जल्द ही नया अध्यक्ष नियुक्त किया जाएगा। ऋषिकेश की 22 अगस्त को IIT दिल्ली परिसर में छठी मंजिल से गिरने के बाद मौत हुई थी। छात्र स्वतंत्र जांच और पूर्व हाईकोर्ट जज की अध्यक्षता में समिति बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मौत की परिस्थितियों की जांच जारी है। वहीं, स्टूडेंट्स ने कहा कि सिर्फ अधिकारियों के इस्तीफे से समस्या हल नहीं होगी। वे छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए अलग और स्वतंत्र मेंटल हेल्थ सेल बनाने की मांग कर रहे हैं। कर्नाटक की झील में महिला और उसके 5 बच्चों के शव मिले, परिवार 2 दिन से लापता था कर्नाटक के विजयपुरा में भूतनाल झील से एक ही परिवार के छह लोगों के शव मिले हैं। मरने वालों में 35 साल की महिला और उसके 6 से 15 साल की उम्र के पांच बच्चे शामिल हैं। परिवार 24 अगस्त से लापता था। पुलिस ने सभी शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए BLDE अस्पताल भेज दिए हैं। मौत की वजह अभी साफ नहीं है। महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग ने ड्रग इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा रद्द की, पेपर लीक के आरोपों के बाद फैसला महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) ने खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग में ड्रग इंस्पेक्टर, ग्रुप-B के पदों पर भर्ती के लिए आयोजित परीक्षा की पूरी प्रक्रिया रद्द कर दी है। यह फैसला 22 मार्च को हुई स्क्रीनिंग परीक्षा में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद की गई शुरुआती जांच के आधार पर लिया गया है। आयोग को 22 से 26 जुलाई के बीच कुछ उम्मीदवारों और जनप्रतिनिधियों की ओर से ई-मेल के जरिए शिकायतें मिली थीं। शिकायतों में आरोप लगाया गया कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही 20 मार्च को कुछ उम्मीदवारों को प्रश्नपत्र या उसके सवाल मिल गए थे। आयोग ने बताया कि ड्रग इंस्पेक्टर के पदों के लिए दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। इसके लिए मौजूदा उम्मीदवारों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी और उनसे कोई परीक्षा शुल्क भी नहीं लिया जाएगा। पीएम मोदी ने देशवासियों को ईद और ओणम की शुभकामनाएं दीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को देशवासियों को ईद और ओणम पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह त्योहार खुशी, एकता और समृद्धि की भावना को बढ़ाता है। पीएम मोदी ने कहा कि ओणम पूरे विश्व में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने लोगों के सुख, समृद्धि और खुशहाल जीवन की कामना की। केरल का नाम अब केरलम, केंद्र ने जारी की अधिसूचना; 25 अगस्त से नया नाम लागू केंद्र सरकार ने केरल का नाम बदलकर केरलम करने की अधिसूचना जारी कर दी है। नया नाम 25 अगस्त से लागू हो गया है। केरल का नाम बदलने वाला विधेयक 11 अगस्त को लोकसभा और अगले दिन 12 अगस्त को राज्यसभा से पास हुआ था। इसके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने भी विधेयक को मंजूरी दी थी। इसके बाद राज्य के नाम में बदलाव का रास्ता साफ हो गया था। केरल (नाम परिवर्तन) अधिनियम, 2026 के तहत संविधान में राज्य के नाम से जुड़े जरूरी प्रावधानों में बदलाव किया गया है। ताहिर हुसैन ने उम्रकैद की सजा को हाई कोर्ट में चुनौती दी आम आदमी पार्टी के पूर्व पार्षद ताहिर हुसैन ने उम्रकैद की सजा को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है। हाई कोर्ट में उनकी अपील पर अगले हफ्ते सुनवाई होने की संभावना है। हुसैन को 2020 के उत्तर-पूर्वी दिल्ली दंगों के दौरान इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) अधिकारी अंकित शर्मा की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। तेलंगाना में बस और ट्रक की टक्कर में 6 की मौत, 12 घायल तेलंगाना के सूर्यापेट जिले में बुधवार सुबह एक निजी बस और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में पांच महिलाओं समेत छह लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए हैं। बस में 42 यात्री सवार थे और यह हैदराबाद से आंध्र प्रदेश के एलुरु जा रही थी। हादसा कोडाड मंडल के पास करीब सुबह 4:30 बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, ट्रक पहले सड़क के डिवाइडर से टकराया था, जिसके बाद बस ने पीछे से ट्रक को टक्कर मार दी। PM आवास के पास 3 झुग्गियां 6 हफ्ते में खाली करनी होंगी, दिल्ली HC का आदेश दिल्ली हाईकोर्ट ने रेसकोर्स इलाके में प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास के पास मौजूद तीन झुग्गी बस्तियों को 6 हफ्ते के भीतर खाली करने का निर्देश दिया है। कोर्ट ने कहा कि वहां रहने वाले लोगों को सरकार की ओर से दी गई वैकल्पिक जगह पर शिफ्ट होना होगा। कोर्ट ने यह भी कहा कि 6 हफ्ते की समय सीमा खत्म होने के बाद सरकार जमीन खाली करा सकती है और जरूरत पड़ने पर पुलिस की मदद ले सकती है। यह आदेश चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय और जस्टिस तेजस करिया की बेंच ने दिया है। दिल्ली के होटल की चौथी मंजिल से गिरकर 37 साल के व्यक्ति की मौत दिल्ली के ले मेरिडियन होटल में मंगलवार को चौथी मंजिल के पूलसाइड से गिरने के बाद 37 साल के व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिविज मारिया के तौर पर हुई है। पुलिस के मुताबिक, घटना की सूचना 25 अगस्त को संसद मार्ग थाना पुलिस को मिली थी। पुलिस ने बताया कि हादसे के बाद दिविज को तुरंत आरएमएल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्राइम टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की और जरूरी सबूत जुटाए। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल में रखा गया है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि दिविज ने करीब 6 महीने पहले गुरुग्राम की एक कॉरपोरेट कंपनी की नौकरी छोड़ी थी। पुलिस के मुताबिक, परिवार से मिली जानकारी में यह भी सामने आया है कि वह पिछले कुछ महीनों से डिप्रेशन का इलाज करा रहे थे। वह शादीशुदा थे और नई दिल्ली में रहते थे। पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 194 के तहत जांच शुरू कर दी है। मौत की पूरी परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *